आयुष्मान भवः अभियान की अंतर विभागीय बैठक संपन्न

रतलाम । न्यू कलेक्टरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आगामी समय में आयोजित होने वाले आयुष्मान भवः अभियान के संबंध में अंतर विभागीय संबंध में बैठक संपन्न की गई। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद चंदेलकर ने बताया कि आयुष्मान भवः अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 31 दिसंबर तक किया जाना है। अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय स्तर पर महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा एवं राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा 13 सितंबर को दोपहर 12ः00 से किया जाएगा। अभियान का वर्चुअल प्रसारण सभी जिलों के जिला मुख्यालय विकासखंड स्तर एवं उपस्वास्थ्य केंद्र स्तर पर किया जाएगा।
आयुष्मान भवः अभियान के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शेष बचे पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदान करना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर पर आयुष्मान मेलों का आयोजन, आयुष्मान ग्राम सभा का आयोजन, देह दान करने संबंधी जागरुकता कार्यक्रम हेतु संकल्प ल्ोना, 17 सितम्बर को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करना, स्वच्छता अभियान आदि मुख्य गतिविधियां की जाएंगी। आयुष्मान सभा का आयोजन 2 अक्टूबर को किया जाएगा। आयुष्मान सभा के दौरान आयुष्मान भारत के पात्र हितग्राही योजना का लाभ ल्ो चुके हितग्राहियों के नामों का वाचन, शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने, टीबी के मरीजों की जांच कर उपचार पूरा करने आदि गतिविधियों में पात्रता के आधार पर आयुष्मान पंचायतों का निर्धारण कर पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान माह के प्रथम सप्ताह में असंचारी रोग स्क्रीनिंग, द्वितीय सप्ताह में टीबी लेप्रोसी एवं अन्य संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, तृतीय सप्ताह में मातृत्व शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण गतिविधियों का आयोजन, चतुर्थ सप्ताह में आंखों की जांच एवं स्क्रीनिंग तथा सैलाना एवं बाजना विकासखण्ड में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग पर फोकस किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित होने वाले मेलों में मेडिकल कालेज रतलाम के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समस्त प्रकार की विशेषज्ञ सेवाएं, जांच उपचार आदि की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। बैठक के दौरान एडीएम डा. शालिनी श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, विभिन्न एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा एवं अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।