सम्पूर्ण रतलाम शहर में सीसीटीवी लगाए जाएंगे

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

रतलाम 13 सितंबर 2023। पुलिस के यातायात विभाग द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर संपूर्ण रतलाम शहर में सीसीटीवी लगाए जाने की योजना है जिस पर कार्य शुरू कर दिया गया है। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री राहुल लोढ़ा द्वारा बुधवार को संपन्न जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कार्य के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए की आवश्यकता है जिस पर सांसद श्री डामोर द्वारा राशि उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण आश्वस्त किया गया। बैठक में सांसद श्री गुमान सिंह डामोर, विधायक श्री चैतन्य काश्यप, डॉ. राजेंद्र पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई, श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जिला परिवहन अधिकारी श्री दीपक माझी, डीएसपी श्री अनिल राय आदि उपस्थित थे।
बैठक में सांसद श्री डामोर द्वारा समीक्षा के दौरान सड़कों पर ब्लैक स्पॉट निवारण की जानकारी ली गई जिसमें ढीलाई बरतने पर एमपी आरडीसी के अधिकारी के विरुद्ध सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे द्वारा जावरा चौपाटी पर खराब सिग्नल की जानकारी देते हुए तत्काल सुधार के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा विधायक श्री काश्यप द्वारा रतलाम शहर में लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर सिग्नल सुधार के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया जिसमें काफी समय से ध्यान आकर्षित करने के बावजूद निगम द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है। विधायक श्री काश्यप द्वारा सेजावता फाटे पर आवश्यक कार्य के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए गए।