रतलाम 15 सितंबर 2023। शासन की महत्वाकांक्षी सीएम राइस स्कूल योजना के अंतर्गत रतलाम जिले के चार स्थान आलोट, जावरा, पिपलोदा तथा सैलाना में स्कूल भवनों का निर्माण प्रारंभ कर दिया गया है। इसके अलावा रतलाम के लिए ग्राम मथुरी एवं बिरमावल में वर्कआर्डर जारी हो गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के आलोट में नागेश्वर रोड पर 35 करोड रुपए लागत से भवन निर्माण प्रारंभ कर दिया गया है। इसी प्रकार जावरा में जेल रोड पर 37.53 करोड़ रुपए लागत से भवन निर्माण किया जा रहा है। पिपलोदा में 37.73 करोड़ रुपए लागत से, रतलाम शहर अंतर्गत ग्राम मथूरी में 44.92 करोड़ रुपए लागत से भवन निर्माण के लिए वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। इसी प्रकार बिरमावल में 34.65 करोड रुपए लागत से वर्कआर्डर जारी कर दिया गया है। इसके अलावा सैलाना में रतलाम बांसवाड़ा रोड पर 29.16 करोड रुपए लागत से सीएम राइस स्कूल भवन निर्माण प्रारंभ हो चुका है। नवीन सीएम राइस स्कूल भवन निर्माण हेतु पर्याप्त भूमि प्रशासन द्वारा आवंटित की गई। आलोट मे भवन के लिए साढ़े सात एकड़ भूमि आवंटित की गई है। जावरा में 12.17 एकड़, पिपलोदा में 6 एकड़, रतलाम में 12 एकड़, बिरमावल में 8 एकड़ तथा सैलाना में 6 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
इसी प्रकार जिले के जनजाति कार्य विभाग अंतर्गत सैलाना तथा रावटी में सीएम राइस स्कूल भवनों का निर्माण शीघ्र होने वाला है। इसके लिए सैलाना में पौने दस एकड़ भूमि तथा रावटी में 9.25 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।