जिस परिवार में नारी को सम्मान की निगाह से देखा जाता है वहां सुख, समृद्धि और शांति का निवास होता है – राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश

इंदौर महावीर भवन 15 अक्टूबर 2023 । नारी को दूसरे नंबर का दर्जा देना अथवा उपेक्षित करके हीन भावना से देखने वालों की भक्ति कभी स्वीकार नहीं होगी। उक्त विचार राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश ने नवरात्रि के प्रथम दिवस साधना समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नारी के विकास में ही विश्व का उज्जवल भविष्य और कल्याण छुपा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जितने भी महापुरुष हुए हैं उनके निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका ऑक्सीजन से महत्वपूर्ण रही है वह विश्व की निर्मात्री है। मुनि कमलेश ने बताया कि जिस परिवार में नारी को सम्मान की निगाह से देखा जाता है वहीं पर सुख समृद्धि और शांति का निवास होता है। राष्ट्र संत ने कहा कि आज भी नारी को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है आज भी कई इलाकों में उसे फ्रिज और टीवी की भांति उपयोग की वस्तु मानकर चार दिवारी में कैद किया जा रहा है यह अत्यंत दुर्भाग्य की बात है।
जैन संत ने कहा कि जब तक भावनात्मक रूप से नारी और पुरुष में भेदभाव किया जाएगा तब तक धार्मिकता में प्रवेश नहीं होगा। नवरात्रि में प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे महावीर भवन में जप अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच नई दिल्ली शाखा इंदौर के उपाध्यक्ष श्री रतनलाल सोनी की ओर से प्रभावना वितरित की गई। संचालन अशोक मंडलिक ने किया तथा रमेश भंडारी ने आभार व्यक्त किया।

Play sound