भाजपा प्रत्याशियों व पदाधिकारियों ने मतदान कर बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह

रतलाम 17 नवंबर 20230। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनाव में शुक्रवार सुबह मतदान कर अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की। सभी प्रत्याशी एवं पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर अधिक से अधिक मतदान करवाने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने ग्राम लुनेरा स्थित मतदान केंद्र पर कतार में लगकर लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति दी। भाजपा के शहर प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने फ्रीगंज स्थित जिला सहकारी थोक उपभोक्ता भंडार में बने केंद्र पर सपरिवार मतदान किया और बाद में शहर विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर मतदान की स्थिति का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष श्री लुनेरा भी जिले की विभिन्न विधानसभा पहुचे। सैलाना विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी संगीता चारेल ने ग्राम आम्बापाड़ा स्थित मतदान केन्द्र पर मतदान किया। रतलाम ग्रामीण के भाजपा प्रत्याशी मथुरालाल डामर ने ग्राम कुण्डाल स्थित मतदान केन्द्र पर वोट डाला। जावरा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने पंचायती नोहरा जावरा स्थित मतदान केंद्र में मतदान कर अपने विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। रतलाम में शहर के प्रथम नागरिक महापौर प्रहलाद पटेल ने मोहन बाग स्थित मतदान केन्द्र पर लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति दी। भाजपा के जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने महिला मोर्चा प्रदेश सदस्य अनिता कटारिया के साथ अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया।