रतलाम । राज्य शासन के निर्देश अनुसार रतलाम जिले में भी आगामी 15 जनवरी से 29 फरवरी तक राजस्व महाअभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार के निर्देशन में राजस्व अभियान के अंतर्गत आम जनता की राजस्व विभाग संबंधी विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देश पर अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले के एसडीएम तथा तहसीलदारों द्वारा समस्त राजस्व निरीक्षकों तथा पटवारियों की बैठके आयोजित की जाकर शासन के निर्देशों से अवगत कराया जा रहा है। अभियान की तैयारी की जा रही हैं। राजस्व महा अभियान में पटवारियों द्वारा गांवो में खसरा बी वन का वाचन किया जाएगा। समग्र वेब पोर्टल एमपी ऑनलाइन, सीएससी, किओस्क के माध्यम से समग्र में आधार की ई केवाईसी करने की सुविधा नागरिकों को निशुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके लिए निर्धारित राशि संबंधित एमपी ऑनलाइन, सीएससी, किओस्क को विभाग द्वारा एमपीएससीडीसी के माध्यम से प्रदान की जाएगी सभी खातेदारों और उनके परिवारों के सदस्यों को समग्र ई-केवाईसी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है अभियान में राजस्व संबंधी प्रकरण आरसीएमएस में दर्ज कराए जाएंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए लोक सेवा केंद्र के अलावा अब एमपी ऑनलाइन और कियोस्क के माध्यम से भी आरसीएमएस पर प्रकरण दर्ज कराए जा सकेंगे। आरसीएमएस पर लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा प्रकरणों को चिन्हित करके न्यायालय में नियमित सुनवाई आयोजित कर नामांतरण, बटवारा अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों का निराकरण होगा। प्राथमिकता से पुराने प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया गया है कि अभियान अवधि में 6 महीने से अधिक अवधि के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण कर लिया जावे।