
रतलाम 5 फरवरी। रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम सालाखेड़ी में विकसित किये जा रहे सरदार वल्लभ भाई पटेल ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण अध्यक्ष श्री अशोक पोरवाल द्वारा किया गया।
रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम सालाखेड़ी में कुल भूमि रकबा 18.16 हेक्टर भूमि पर राशि रुपए 50 करोड़ की लागत से शहरवासियों की वर्षो पुरानी मांग अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर योजना विकसित की जा रही है।
श्री पोरवाल ने बताया कि प्राधिकरण ग्राम सालाखेड़ी में विकसित किये जा रहे ट्रांसपोर्ट नगर योजना का लोकार्पण शीघ्र कराया जाकर योजना में उपलब्ध भूखंडों का विक्रय भी दर निर्धारण कर लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पूर्व प्रारंभ किया जाकर शहर एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को सौगात प्रदान किये जाने हेतु प्रयासरत है |
शहर में ट्रांसपोर्ट नगर योजना के पूर्ण हो जाने पर शहर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को जहां इसका लाभ मिलेगा वहीं शहर के मध्य के क्षेत्र में यातायात का दबाव भी कम होगा जिससे शहर का यातायात भी सुगम होगा।
प्राधिकरण अध्यक्ष श्री पोरवाल ने निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा को योजना में शेष कार्य त्वरित गति से पूर्ण कराई जाने के साथ ही निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता वाला हो के निर्देश प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण अध्यक्ष श्री पोरवाल के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा उपस्थित थे।