पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना : रतलाम जिले के संभावित रूप से लाभान्वित होने वाले गांवो में कलश यात्रा तथा जल आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 11 से 13 मार्च तक

रतलाम 09 मार्च 2024। प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के अंतर्गत रतलाम जिले के 13 गांव संभावित रूप से लाभान्वित होंगे। इन गांवो में आगामी 11 मार्च से 13 मार्च तक कलश यात्रा तथा जल आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि केन, बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती कालीसिन्ध-चंबल लिंक परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के 17 जिलों के संभावित रूप से 3614 गांव लाभान्वित होने जा रहे हैं। पार्वती-कालीसिंध-चंबल सिंचाई परियोजना की अनुमानित लागत 35000 करोड रुपए है। इसका प्रस्तावित सिंचाई रकबा साढ़े तीन लाख हेक्टेयर रहेगा। पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से संभावित रूप से रतलाम जिले के 13 गांव लाभान्वित होंगे।
कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार ने विभिन्न आयोजनों के संबंध में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। साथ ही उनके सहायक नोडल एवं सहयोगी अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। जारी किए गए आदेश के अनुसार जिले के जनपद पंचायत आलोट के समस्त ग्रामों में संपूर्ण आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन श्री हरीश कुमावत तथा सीईओ जनपद आलोट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जनपद रतलाम के लिए अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन श्री सत्येंद्र यादव तथा सीईओ जनपद रतलाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
बताया गया है कि ग्रामों में मुख्य मार्गों पर कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा जिनमें जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी आदि सम्मिलित होंगे। लाभान्वित होने वाले गांव में पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के महत्व तथा जल की आवश्यकता पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके अलावा जल पर केंद्रित चित्रकला, निबंध, खेलकूद तथा वाद-विवाद आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चलित वाहन पर परियोजना के लाभ एवं जल के महत्व पर केंद्रित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।