14 मार्च से होगा तीन दिवसीय प्रवचन उत्सव

रतलाम,10 मार्च। अपने प्रवचनों की धारा से 6 माह तक धर्म जागरण करने वाले आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. आदि श्रमण-श्रमणीवृंद का 14 मार्च को एक बार फिर रतलाम में मंगल प्रवेश होगा। आचार्य श्री दस दिनों तक प्रवास कर धर्म और ज्ञान की गंगा बहाएंगे।
रतलाम में आचार्यश्री के फिर नगर आगमन के समाचार मिलते ही समाजननों में हर्ष छा गया है। आचार्यश्री ने अपना पिछला चातुर्मास रतलाम में ऐतिहासिक रूप से पूर्ण कर विहार किया था। उनका इस वर्ष का चातुर्मास इंदौर में होने वाला है। विहार यात्रा के दौरान आचार्यश्री 13 मार्च को रतलाम के समीप करमदी तीर्थ पहुंचेंगे।
रतलाम में 14 मार्च को प्रातः 8.30 बजे तेजानगर स्थित समीरभाई तलेरा परिवार के गृह आंगन से आचार्यश्री का भव्य सामैया निकलेगा, जो प्रमुख मार्गों से होकर हनुमान रूंडी पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगा। हनुमान रूंडी में 14,15 एवं 16 मार्च को तीन दिवसीय प्रवचन उत्सव होगा। इसमें हम कैसे बने भगवान विषय पर प्रातः 9.15 से 10.15 बजे तक विशेष प्रवचन होंगे। इसके लाभार्थी मोहनबाई सौभागमलजी तलेरा परिवार रहेगा। लाभार्थी परिवार ने सकल श्रीसंघ को धर्मलाभ लेने का आव्हान किया है।