अहिंसा विश्व शांति फाउंडेशन संस्था के युवाओं द्वारा पुलिस प्रशासन को दिया ज्ञापन

खाचरौद। अहिंसा विश्वशांति फाउंडेशन संस्था के युवाओं द्वारा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि महावीर जन्म कल्याणक दिवस (महावीर जयंती) के पावन दिवस पर पशुवध पर प्रतिबंध एवं मांस मछली अंडा की दुकानें बंद रखने के राज्य शासन के आदेश का पालन खाचरौद क्षेत्र में सुनिश्चित करवाया जाए। संस्था के हर्षित चौरड़िया, चयन जैन, राहुल सुराना, घनश्याम शर्मा, हर्ष संचेती, अक्षय जैन, आदि ज्ञापन देने में शामिल थे।
संस्था के हर्षित चौरड़िया (एडवोकेट) ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाया गया कि 21 अप्रैल (रविवार) को भारतीय संस्कृति के ऐतिहासिक महापुरुष व जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक दिवस है। भगवान महावीर का संपूर्ण जीवन अहिंसा, जीवदया एवं विश्वशांति के उपदेशों से ओतप्रोत रहा है। इस बात को ध्यान में रखते हुए ही प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मध्यप्रदेश राज्य शासन द्वारा महावीर जन्म कल्याणक दिवस को “अहिंसा” के सिद्धांत के लिए समर्पित करते हुए “निरामिष दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत राज्य शासन द्वारा निर्देश जारी किए गए है कि संपूर्ण प्रदेश में इस दिन किसी भी प्रकार के पशु–पक्षी के मांस की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। मांस मछली एवं अंडे की खुली दुकानें या ठेलागड़ियां नहीं लगेंगी। साथ ही पशुवध–गृह एवं कत्लखानों भी संपूर्ण रूप से बंद रहेंगे। इन निर्देशों के धरातल पर क्रियान्वन की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की हैं।
इस मौके पर राहुल सुराना ने संबोधित करते हुए कहा कि भगवान महावीर जन्म दिवस के पवित्र अवसर पर निर्दोष पशु–पक्षियों की हत्या निषिद्ध हो तो यह भगवान महावीर के प्रति हमारी सच्ची आदरांजलि होगी।