रतलाम 03 मई 2024। लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जिला स्तरीय नियंत्रण मॉनिटरिंग कक्ष तथा कॉल सेंटर पर नोडल अधिकारी के रूप में रतलाम विकास प्राधिकरण के जनसंपर्क अधिकारी श्री योगेश शुक्ला को नियुक्त किया गया है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार कॉल सेंटर मतगणना परिणाम घोषणा के दो दिवस पश्चात तक सक्रिय रहेगा तथा 24 घंटे कार्य करेगा। कॉल सेंटर पर स्थापित दूरभाष से प्राप्त शिकायतों को सुनकर उन्हें निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। शिकायतों एवं प्राप्त सूचनाओं को संबंधित रिटर्निंग, सहायक रिटर्निग अधिकारी या प्रभारी अधिकारी को दूरभाष पर अवगत कराया जा रहा है। सूचना अथवा शिकायत तात्कालिक प्रकार की होने पर अपर जिला दंडाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया जा रहा है, अधिकारियों से निर्देश प्राप्त कर सूचना अनुसार कार्रवाई के लिए संबंधित को सूचित किया जा रहा है।
प्रतिदिन जिले के सभी रिटर्निंग तथा सहायक रिटर्निग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट को संकलित करके जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। रिटर्निंग या सहायक रिटर्निग अधिकारी कॉल सेंटर की सूचना पर की गई कार्रवाई से जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत करवा रहे हैं। निर्वाचन या इनसे संबंधित शिकायतों को तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचित करने तथा प्रतिलिपि रिटर्निंग तथा सहायक रिटर्निग अधिकारी को देने का कार्य किया जा रहा है। आदर्श आचरण संहिता से संबंधित शिकायत होने पर उसकी प्रति सामान्य प्रेक्षक को दी जाती है।