थैलेसीमिया परिवारों को मिली नई ऊर्जा, रतलाम में शीघ्र होगी विशेष कार्यशाला : गोविंद काकानी

रतलाम। शनिवार को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश की वार्षिक बैठक एवं HLA कैंप का आयोजन संपन्न हुआ।
बैठक में रतलाम से प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं थैलेसीमिया योद्धा सुश्री वर्षा पवार तथा जिला अध्यक्ष सुमित मोड उपस्थित रहे। उनके सुझाव एवं मार्गदर्शन थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहे। बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन को जीवन में अपनाकर बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा तय करने पर जोर दिया गया।
समिति के संरक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कार्यक्रम में 100 से अधिक बच्चे एवं थैलेसीमिया परिवारों के सदस्य शामिल हुए। सभी के सहयोग, योगदान, संवाद एवं विचार-विमर्श के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। आपसी समन्वय, एकजुटता और नई ऊर्जा के साथ बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए समिति निरंतर कार्य करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष पंडित विकास शुक्ला ने कहा कि सभी समिति सदस्य मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएं तथा थैलेसीमिया परिवारों के हित में नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ें। प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी ने थैलेसीमिया परिवारों के हित में शीघ्र ही रतलाम में विशेष कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा, जिसे सभी ने सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम में प्रदेश समिति के वरिष्ठ सदस्य अजय घोष, प्रकाश रोचलानी, निर्मल सतवानी, सुनील भावसार, अश्विन खत्री, डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी सहित नीमच, मंदसौर, दमोह, सेंधवा, इंदौर, सागर, खंडवा, भोपाल, जबलपुर आदि जिलों के जिला अध्यक्षों की गरिमामय उपस्थिति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उज्जैन के विनीत मेहंदीरता एवं उनकी पूरी टीम का उपस्थित थैलेसीमिया परिवारों एवं सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *