अजा,जजा विद्यार्थियों के समग्र, जाति एवं आधार त्रुटि सुधार हेतु कैंप आयोजन 27 मई से

रतलाम 24 मई 2024। एमपी टॉस्क छात्रवृत्ति के अंतर्गत अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के समग्र जाति एवं आधार कार्ड में त्रुटियों के सुधार के लिए जिले में विकासखंड स्तर पर कैंप आयोजन 27 मई से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री राजेश बाथम के निर्देश पर 27 मई के अलावा 28 तथा 29 मई को भी आयोजित होने वाले उपरोक्त कैंप में आधार, जाति एवं समग्र सुधार के लिए लोक सेवा केंद्र, आधार केंद्र तथा स्थानीय निकाय के कर्मचारियों के साथ नोडल के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री केसी शर्मा ने बताया कि रतलाम विकासखंड के लिए जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम, आलोट में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलोट, जावरा के लिए सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावरा, पिपलोदा के लिए सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपलोदा, सैलाना के लिए सीएम राइज स्कूल सैलाना तथा बाजना विकासखंड के लिए उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजना में 27, 28, 29 मई को प्रातः 10ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक कैंप आयोजित होंगे। समस्त संकुल प्राचार्य जिले के समस्त शासकीय हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य को त्रुटि सुधार के लिए संबंधित विद्यार्थी एवं शिक्षक के साथ कैंप में उपस्थित हेतु निर्देशित किया गया है।