जनसंख्या स्थिरता माह 11 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा

रतलाम 28 जून 2024। विश्व जनसंख्या दिवस प्रतिवर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है। रतलाम जिले में जनसंख्या स्थिरता माह 11 जुलाई से 11 अगस्त तक की थीम ‘Healthy timing and spacing of pregnancies for wellbeing of mother and child निर्धारित की गई है। वर्ष 2024 का नारा विकसित भारत की नई पहचान-परिवार नियोजन हर दम्पत्ति की शान है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. आनन्द चंदेलकर ने बताया कि कार्यक्रम के अन्तर्गत 27 जून से 10 जुलाई तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता दम्पत्तियों के साथ सम्पर्क कर परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान के दौरान शादी की उम्र में देरी, बच्चों के जन्म में उचित अन्तराल, प्रसव तथा गर्भपात पश्चात् परिवार नियोजन की सेवाएं, परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता, दीर्घकालीक गर्भ निरोधक साधन की रणनीति पर बल दिया जाएगा। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सही उम्र में शादी, सोच समझकर बच्चे, प्रथम एवं द्वितीय बच्चों में कम से कम तीन वर्ष का अन्तराल एवं दो बच्चों के बाद स्थायी साधन (नसबंदी हेतु प्रेरित किया जाएगा) 11 जुलाई से 11 अगस्त के मध्य सेवा प्रदायगी की गतिविधियां की जाएंगी।
गतिविधियों में लघुकालीन गर्भ निरोधक साधन, कण्डोम, ओरल पिल्स, छाया गर्भ निरोधक गोली, आपातकालीन गर्भ निरोधक गोली की सेवाएं सेल्फ केयर किट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। नवविवाहित दम्पत्तियों को नई पहल किट प्रदान की जाएगी। दीर्घकालीक गर्भ निरोधक साधन जैसे आईयूसीडी एवं अन्तरा इंजेक्शन की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। दीर्घकालीक स्थायी परिवार नियोजन सेवाएं नसबंदी सेवा के अन्तर्गत इच्छुक दम्पत्तियों के आपरेशन किए जाएंगे। आपरेशन के दौरान प्रसव पश्चात् नसबंदी एवं पुरुष नसबंदी के मामलों में हितग्राही को तीन हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि तथा सामान्य एलटीटी/टीटी नसबंदी के मामलों में दो हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

Play sound