

रतलाम। शिवरात्रि महापर्व एवं श्री मंगलनाथ महाकाल रक्तदान मंडल (सेवावीर परिवार) के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर 26 फरवरी 2025, बुधवार को भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर उकाला रोड, समता परिसर कॉलोनी स्थित केसर पैलेस में प्रातः 8 बजे से सवा घंटे के सामूहिक “ॐ नमः शिवाय” जाप का आयोजन किया गया। इसके पश्चात प्रयागराज कुंभ क्षेत्र से लायी गई पवित्र मिट्टी का पूजन एवं त्रिवेणी संगम से लाए गए पवित्र जल से भक्तों का अमृत स्नान कराया गया।
आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भक्तगण विभिन्न नदियों, पवित्र कुंडों एवं तीर्थ स्थलों से लाया गया जल पूजन हेतु अर्पित करने पहुंचे। अमृत स्नान एवं जाप का मुख्य उद्देश्य भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करना था। जब सामूहिक जाप के उपरांत पवित्र जल का श्रद्धालुओं पर छिड़काव किया गया, तो माहौल भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान महाकुंभ क्षेत्र से लाए गए पवित्र जल एवं मिट्टी के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली। “ॐ नमः शिवाय” जाप के दौरान कई भक्त ध्यानमग्न हो गए, जिससे वातावरण अत्यंत भावुक एवं आध्यात्मिक बन गया।
भक्तिमय नृत्य एवं पुष्प वर्षा
जाप, अमृत स्नान एवं आरती के पश्चात भक्तों ने महादेव के विवाह के हर्ष एवं उल्लास को व्यक्त करने के लिए ढोल-डीजे की थाप पर भक्तिमय नृत्य किया। आयोजन के अंतिम चरण में अमृत वर्षा एवं पुष्प वर्षा की गई, जिसने पूरे माहौल को मनमोहक बना दिया।
यह पवित्र जल एवं मिट्टी भक्तों को प्रसाद स्वरूप वितरित किये गए जन्हें बहोत श्रद्धा के साथ भक्त अपने साथ ले कर गए।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करने वाला था, बल्कि सामूहिक एकता एवं भक्ति भाव को भी प्रकट करने वाला बन गया। शिवरात्रि महापर्व की इस अनोखी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं के हृदय में एक अमिट छाप छोड़ी।