23वें तीर्थंकर परमात्मा श्री पाश्र्वनाथ भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया

बदनावर । रिमझिम बूंदाबांदी के साथ 23वें तीर्थंकर परमात्मा श्री पाश्र्वनाथ भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव में झालावाड़ राजस्थान के गायक लाला मस्ताना के सुमधुर भजनों के बीच आचार्य श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी म.सा.के शिष्य मधुरवक्ता मुनिराज श्री रजतचंद्र विजयजी म.सा.एवं मुनिश्री जिनभद्र विजयजी के सानिध्य में एक गरिमामय समारोह में कैबिनेट उद्योग मंत्री श्री राजवर्धन सिंहजी दत्तीगांव द्वारा श्री शंखेश्वर पुरम् तीर्थ वार्षिक कैलेंडर एवं मुनिश्री द्वारा लिखित एवं संपादित पुस्तक प्रभु मुझे प्रभु बना दो ,का विमोचन हेमंत भाई राजमलजी भंडारी रतलाम द्वारा तीर्थ परिसर में 125 अमतप आराधको एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच हुआ । मुनिश्री ने मंत्री महोदय को आशीर्वचन में कहा कि हमारे और मंत्री महोदय के परिवार के संबंध तीन पीढिय़ों वाले हैं एवं आपका परिवार प्रारंभ से ही मोहनखेड़ा से जुड़ा हुआ है। प्रत्युत्तर में उद्योग मंत्री श्री राजवर्धन सिंहजी ने कहा कि मैं भी आचार्य श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी एवं मुनि मंडल से बचपन से ही जुड़ा हुआ हूं एवं उनका आशीर्वाद सदा मुझ पर बना हुआ है । बदनावर नगर में बना यह स्थान वास्तविकता में मन को शांति एवं ऊर्जा देने वाला है । यहां इतनी बड़ी संख्या में अमतप की तपस्या हो रही है मैं सभी तपस्वियों का अभिनंदन करता हूं । आपने मुनिश्री द्वारा लिखित पुस्तक के कुछ अंश भी श्रोताओं को सुनाएं एवं इनसे प्रेरणा लेने की बात कही। आपने मुनि श्री से जनता की सेवा करने का आशीर्वाद भी लिया । आप लगभग एक घंटा तीर्थ परिसर में रहे एवं कुछ समय मुनि श्री से एकांत में चर्चा भी की ।इसके पूर्व तीर्थ परिसर पहुंचने के बाद मंत्री महोदय ने मंदिर में श्री पाश्र्वनाथ भगवान की एवं गुरु मंदिर में श्री राजेंद्रसुरिश्वर जी महाराज साहब की प्रतिमा के दर्शन किए एवं प्रसन्नता व्यक्त की । मंत्री महोदय का स्वागत ट्रस्ट मंडल एवं अ_म तपआयोजन समिति की ओर से किया गया । पुष्पेंद्र पगारिया ने बताया कि श्री शंखेश्वर पारसनाथ भगवान की प्रतिमा का प्रात: शांतिधारा महा अभिषेक हुआ एवं दोपहर में 108 पारसनाथ महापूजन का आयोजन हुआ जिसका लाभ श्री शोभागमल जी सुगनबाई मोदी परिवार ने लिया। सुंदर आंगी बनाने का लाभ स्वर्गीय निर्मल कुमार पारस कुमार तातेंड़ परिवार ने लिया। एक शाम पाश्र्वनाथ के नाम के आयोजन का लाभ रतलाम के हेमंत भाई राजमलजी भंडारी परिवार ने लिया । रविवार को प्रात: पाश्र्व प्रतिमा का वर्धमान शक्र स्तव महाअभिषेक होगा उसके बाद सभी तपस्वियों का पारणा तीर्थ परिसर में होगा । साथ ही सभी तपस्वियों का बहुमान समारोह भी होगा।