कलेक्टर श्री डाड ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में आवेदनो का निराकरण किया

रतलाम । मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड ने आवेदनो पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश जारी किए। अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे तथा डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन ने भी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया, इस दौरान 38 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में मित्र निवास कालोनी निवासी अब्दुल वहीद ने आवेदन दिया कि उसके क्षेत्र में अवैध निर्माण कार्य किया गया है। अवैध निर्माण कार्य तोडा जाए। प्रकरण आयुक्त नगर निगम को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया है। इन्द्रा नगर निवासी हेमेन्द्र प्रजापति ने आवेदन दिया कि प्रार्थी की डोसीगांव स्थित भूमि पर आने-जाने वाले रास्ते पर रेलवे द्वारा मालगोदाम बनाकर एंगल के जंगले लगा दिए गए हैं जिससे आने-जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड रहा है। रास्ता विवाद का प्रकरण होने से निराकरण हेतु एसडीएम शहर को भेजा गया है। बाजना निवासी इन्द्रवर्द्धन पिता देवीलाल सोनी ने आवेदन में बताया कि वह अपने भवन का निर्माण करना चाहता है किन्तु पडौसी द्वारा भवन का निर्माण नहीं करने दिया जा रहा है और आए दिन गाली-गलौच व मारपीट पर आमादा हो जाते हैं, जिससे वे अपना भवन निर्माण नहीं कर पा रहे हैं, उचित कार्यवाही की जाए। प्रकरण पुलिस अधीक्षक को निराकरण हेतु भेजा गया है। ग्राम सुखेडा निवासी किशनलाल पिता नन्दा ने बताया कि यूनियन बैंक सुखेडा द्वारा सिलाई उद्योग हेतु 50 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया था तथा 23 दिसम्बर 2020 को जिला पंचायत रतलाम द्वारा एनआरएलएम योजना अन्तर्गत 15 हजार रुपए का अनुदान भी बैंक को भेज दिया गया था परन्तु आज दिनांक तक मुझे स्वीकृत राशि प्राप्त नहीं हुई है। कलेक्टर श्री डाड ने एसडीएम को तत्काल जांच कर निराकरण हेतु निर्देशित किया।
ग्राम बडायला सरवन निवासी ओमप्रकाश पिता रामनारायण लोढा ने आवेदन में बताया कि उनकी निजी जमीन की तरफ पडोसी द्वारा खिडकी व उजालदान बनवाया जा रहा है, मैंने उनको मना किया परन्तु पडौसी द्वारा गालीगुप्तार, मारपीट की जाती है, जिससे उनका परिवार काफी परेशान है। प्रकरण निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक को भेजा गया है। जनसुनवाई में तहसील रावटी के ग्राम उमर के प्रार्थी अंबाराम ने बताया कि शासन की योजना के तहत प्याज भंडारगृह हेतु आवेदन किया था जिसका ऋण स्वीकृत हुआ था, अनुदान भी शामिल था। भौतिक सत्यापन भी एक साल पूर्व हो चुका है मगर आज दिनांक तक भंडारगृह की राशि नहीं मिली। आवेदन निराकरण के लिए उपसंचालक उद्यानिकी को निर्देश जारी किया गया। ग्राम पंचायत हरथल तहसील रावटी के हरिसिंह पिता भीलजी गढ़वाल ने आवेदन दिया कि प्रार्थी द्वारा आधी किस्त जमा करने के बाद भी ट्रैक्टर एजेंट द्वारा ट्रैक्टर उठा ले जाया गया है तथा वापस नहीं किया गया। आवेदन पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। अन्य आवेदनों पर भी जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश जारी किए गए।