जैन सोशल ग्रुप सेन्ट्रल द्वारा आर्थिक रूप से वंचित बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण दायित्व लिया गया एवं साइबर सुरक्षा पर परिचर्चा

रतलाम। जैन सोशल ग्रुप सेन्ट्रल रतलाम की मीटिंग हिमतारा रिसोर्ट में आयोजित हुई। यह आयोजन देशभक्ति, जागरूकता और समाजसेवा के भावों से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री आशीष लुनिया ने अपने संबोधन में कहा कि “आज के दौर में साइबर सुरक्षा एक अनदेखा लेकिन अति आवश्यक विषय बन चुका है। जानकारी ही सुरक्षा है, और जागरूक समाज ही सुरक्षित समाज की नींव रखता है।”
साथ ही उन्होंने यह भी साझा किया कि 2024-2026 के कार्यकाल का एक सफल वर्ष पूर्ण हो चुका है, और समूह की कार्यशैली में जनहित, सेवा और संवाद को सर्वोपरि रखा गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजेन्द्र कोठारी द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत से हुआ, जो मिशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सैनिकों को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि रही।
इस अवसर पर मुख्य आकर्षण के रूप में उपस्थित प्रेरक वक्ता श्री रक्षित मेहता ने अपने ओजस्वी वक्तव्य, प्रेरणात्मक कहानियों और जीवन अनुभवों से श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया। इसके पश्चात साइबर क्राइम जैसे गंभीर विषय पर जानकारी देने हेतु चार विशिष्ट अतिथि मंच पर श्री मयंक व्यास (विशेषज्ञ, एस.पी. कार्यालय, रतलाम), श्री वीरेंद्र भावसर (विशेषज्ञ, एस.पी. कार्यालय, रतलाम), श्री मोहनलाल मीना (लीड डिस्ट्रिक्ट बैंक मैनेजर), श्री सिद्धांत शुक्ला (मैनेजर, फेडरल बैंक) उपस्थित रहे । इन विशेषज्ञों ने ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम बातें सरल भाषा में समझाईं।
बैठक के दौरान जोन कोऑर्डिनेटर श्री निर्मल मेहता का सम्मान भी किया गया। मीटिंग में एक अत्यंत सराहनीय निर्णय लिया गया । आर्थिक रूप से वंचित बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण दायित्व ग्रुप द्वारा लिया जाएगा। इस सेवा संकल्प की शुरुआत करते हुए अध्यक्ष श्री आशीष लुनिया ने पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की। इस प्रेरणास्पद पहल से प्रेरित होकर अन्य सदस्यों ने भी इस योजना में भागीदारी के लिए अपने नाम एवं सहयोग प्रस्तुत कीया। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक डोसी ने उत्कृष्ट रूप से किया। यह बैठक समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुई।

Play sound