रतलाम 15 जुलाई । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम द्वारा ग्रामों एवं जनपद पंचायतों में स्थापित किये जाने वाले लीगल एड क्लीनिक, पुलिस थानों में समाज के कमजोर, पिछड़े तथा पीड़ित व्यक्तियों को सहायता एवं सलाह एवं गुमशुदा बच्चों को मदद करने हेतु राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के कार्य योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम हेतु पैरालीगल वालेंटियर्स का एक वर्ष के लिए चयन किये जाने हेतु आवेदनपत्र आमंत्रित है। उक्त आवेदनपत्र कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ए0 डी0 आर0 सेंटर, जिला न्यायालय परिसर रतलाम एवं तहसील विधिक सेवा समिति, जावरा, आलोट एवं सैलाना तहसील न्यायालय से प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में भरकर उसके साथ एक पासपोर्ट साइज का फोटो संलग्न कर 30 जुलाई 2025 सायं 05ः00 बजे तक कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम एवं तहसील विधिक सेवा समिति, तहसील न्यायालय परिसर जावरा, आलोट एवं सैलाना में जमा किया जा सकेगा, इसके साथ ही सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय रतलाम (म0प्र0) पिन कोड- 457001 के पते पर आवेदन पत्र डाक, ई-मेल (legalaidrtm@gmail.com) आदि द्वारा प्रेषित किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए फोन. नं0 07412-299019 पर भी संपर्क कर सकते हैं। अंतिम तिथि के पश्चात् प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जावेगा।
आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2025 तक जिन आवेदकगण द्वारा आज दिनांक तक आवेदन जमा किया जा चुका है उनको आवेदन पुनः जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
पैरालीगल वालेंटियर्स का कार्य पूर्णतः सेवा कार्य है, यह नौकरी नहीं है। इसके लिए कोई वेतन/मजदूरी देय नहीं है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार समय-समय पर पैरालीगल वालेंटियर्स को निर्धारित मानदेय मात्र देय होगा। आयु सीमा – न्यूनतम 18 वर्ष से अधिक परंतु कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं बशर्ते वह स्वस्थ्य हो और उसमें किसी भी प्रकार का ऐसा कोई शारीरिक दोष न हो, जो उसे कार्य करने लिए अक्षम बनाता हो। शैक्षणिक योग्यता- न्यूनतम हायर सेकेण्ड्री उत्तीर्ण, योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र की प्रमाणित प्रति सहित प्रस्तुत करें।
शासकीय व अशासकीय विद्यालय व महाविद्यालय के शिक्षक एवं व्याख्याता या अध्यापकगण (जिसमें रिटायर्ड शिक्षक भी शामिल है), आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, शासकीय/अशासकीय (प्रायवेट) चिकित्सक एवं अन्य कार्यरत या रिटायर्ड, शासकीय कर्मचारीगण,राज्य एवं केंद्रीय शासन के विभिन्न विभागों और एजेंसियों के क्षेत्रीय/फील्ड, अधिकारीगण, स्टूडेंट और लॉ स्टूडेंट (जो अधिवक्ता के रूप में नामांकित न हो), अशासकीय संस्थाओं/क्लब के सदस्यगण, महिला समूहों, मैत्रीसंघों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यगण, जेल में अच्छे व्यवहार और लंबी सजा प्राप्त कैदी (शिक्षित), सामाजिक कार्यकर्ता एवं वालेंटियर्स, पंचायत राज और नगर पालिका/निगम संस्थाओं के स्वैच्छिक कार्यकर्तागण, सहकारी समितियों के सदस्यगण, ट्रेड यूनियन के सदस्यगण, ऐसे अन्य व्यक्ति जो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण या तहसील विधिक सेवा समितियों द्वारा पैरालीगल वालेंटियर्स के रूप में पहचाने/चयनित व्यक्तियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला न्यायालय रतलाम में चयन कमेटी द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों में से अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय रतलाम में किया जावेगा। उम्मीदवारों को साक्षात्कार हेतु पृथक से सूचना दूरभाष, कार्यालय के सूचना पटल पर एवं समाचार पत्र के माध्यम से दी जायेगी। चयन कमेटी को किसी भी उम्मीदवार का आवेदन रद्द करने का पूर्ण अधिकार होगा और कमेटी का निर्णय अंतिम होगा।