रतलाम जिले के लिए दो शव वाहनों का औपचारिक शुभारंभ किया गया

रतलाम 30 जुलाई । मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा माननीय उपमुख्यमंत्री एवं मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग श्री राजेंद्र शुक्ल के द्वारा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए हरी झंडी दिखाकर शव वाहन रवाना किए गए है। माननीय केबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप सहित रतलाम जिले के सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा शासकीय चिकित्सालयो में इलाज के दौरान मृत्यु होने पर शव वाहन उपलब्ध कराए जाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, इस क्रम में रतलाम जिले में दो शव वाहन प्राप्त हुए हैं। रतलाम जिले में रोगी कल्याण समिति सदस्य श्री गोविंद काकानी, श्री हेमंत राहोरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री केशूराम निनामा , सीएमएचओ डॉक्टर संध्या बेलसरे, जिला प्रबंधक जय अंबे एमरजेंसी सर्विस श्री अनिल लिमोले , नोडल अधिकारी श्री आशीष चौरसिया आदि की उपस्थिति में दोनों शव वाहनों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। जिले को शव वाहन उपलब्ध करवाने पर सभी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य सभी शासकीय अस्पतालों में रोगी अथवा दुर्घटना पीड़ितों की इलाज के दौरान मृत्यु होने पर मृतक को सम्मान पूर्वक अपने परिजनों को सुपुर्द कर नि :शुल्क उनके निवास स्थल तक पहुंचाना है। अभी प्राप्त शव वाहनों में से एक शव वाहन का लोकेशन जिला चिकित्सालय रतलाम और दूसरे शव वाहन का लोकेशन डॉक्टर लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम निर्धारित किया गया है। शव वाहनों द्वारा शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में संस्थागत मृतक व्यक्तियों को रतलाम जिले की सीमा के अंदर उनके घर तक छोड़ा जाएगा । निजी चिकित्सालय , निवास स्थल एवं अन्य किसी भी स्थान में हुई मृत्यु के प्रकरण में शव वाहन उपलब्ध कराए जाने की पात्रता नहीं रहेगी।
पेराफेरी की शासकीय स्वास्थ्य संस्था जैसे सिविल अस्पताल , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज के भर्ती रहने के दौरान होने वाली मृत्यु के मामलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से अनुमोदन प्राप्त कर शव वाहन उपलब्ध कराया जाएगा । प्रत्येक प्रकरण में शव वाहन का उपयोग करने के लिए वाहन चालक के समक्ष संबंधित व्यक्ति की मृत्यु का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक रहेगा। शव वाहनों का संचालन जय अंबे इमरजेंसी सर्विस द्वारा 24 ’7 सेवा आधार पर किया जाएगा। मृतक संबंधी समस्त विवरण सेवा प्रदाता संस्था द्वारा संधारित किया जाएगा , जिसकी ऑनलाइन एंट्री होगी। इस संबंध में कार्य की मॉनिटरिंग के लिए श्री आशीष चौरसिया को नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री सचिन वर्मा, श्री पी एल मुनिया, श्री निलेश चौहान, श्री जय सिंह सिसोदिया, डॉ कैलाश चारेल, आनंदीलाल जैन, भरत लिंबोदीया, श्री कैलाश यादव आदि उपस्थित रहे।