
जावरा (अभय सुराणा)। साता यह नाम सुख का है, उस सुख को जो वेदन कराता है अर्थात् भोग कराता है, वह सातावेदनीय कर्म है । असाता नाम दुख का है, उसे जो वेदन या अनुभवन कराता है उसे असाता वेदनीय कर्म कहते हैं।उपरोक्त वेदनीय कर्म बन्धन की विवेचना करते हुए दिवाकर भवन पर धर्म सभा को संबोधित करते हुए परम विदुषी पूज्य महासती सरिताश्री जी म. सा. मधुर व्याख्यानी प्रियंकाश्री जी महाराज साहब ने फ़रमाया कि सातावेदनीय और असातावेदनीय इस प्रकार वेदनीय के दो ही स्वभाव हैं, क्योंकि सुख व दुखरूप वेदनाओं से भिन्न अन्य कोई वेदना पायी नहीं जाती बहुत प्रकार की जाति-विशिष्ट देव आदि गतियों में इष्ट सामग्री के सन्निधान की अपेक्षा प्राणियों के अनेक प्रकार के शारीरिक और मानसिक सुखों का, जिसके उदय से अनुभव होता है वह सातावेदनीय है और जिसके उदय से नाना प्रकार जातिरूप विशेषों से अवकीर्ण नरक आदि गतियों में बहुत प्रकार के कायिक, मानस, अतिदुःसह जन्म-जरा-मरण, प्रियवियोग, अप्रियसंयोग, व्याधि, वध और बंध आदि से जनित दुःख का अनुभव होता है वह असातावेदनीय है ।मनुष्य दया का त्याग कर तीव्र संक्लेश परिणामी होकर अन्य प्राणी को बाँधना, तोड़ना, पीटना, प्राण लेना, खाने के और पाने के पदार्थों से वंचित रखना ऐसे ही कार्य हमेशा करता है । ऐसे कार्य में ही अपने को सुखी मानकर जो नीच पुरुष ऐसे ही कार्य हमेशा करता है, ऐसे कार्य करते समय जिनके मन में पश्चात्ताप होता नहीं, उसी को निरंतर असातावेदनीय कर्म का बंध होता है, जिससे उसका देह हमेशा रोग पीड़ित रहता है, तब उसकी बुद्धि व क्रियाएँ नष्ट होती हैं । सातावेदनीय के उदय से प्राप्त होने वाले घर धनधान्य और स्त्री पुत्र वगैरह को जीव स्वयं ही करता है तथा स्वयं ही भोगता है ।उपरोक्त जानकारी देते हुए श्री संघ अध्यक्ष समाज भुषण इंदरमल टुकड़ियां एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश श्रीमाल ने दी।