लोकल फॉर वोकल – की थीम पर आयोजित सात दिवसीय आकांक्षा हाट का हुआ समापन

रतलाम 5 सितंबर। रतलाम जिला मुख्यालय पर गुलाब चक्कर पर 29 अगस्त से 4 सितंबर तक आकांक्षा हाट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुश्री नीना आशापुरे, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर, रतलाम की अध्यक्षता में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कलेक्टर श्री राजेश बाथम एवं श्री नीरज पवैया सचिव/न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ में दीप प्रज्जलित कर अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। जिसके पश्चात बालिकाओं द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। आकांक्षा हाट में रतलाम के स्थानीय उत्पादो को बढ़ावा देने के लिए स्टॉल लगाये गये। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों द्वारा तैयार किए। गए ऑर्गेनिक एवं आयुर्वेदिक तथा अन्य हाथ से तैयार किए गए प्रोडक्ट के इस आकांक्षा हाट में अलग-अलग स्टॉल स्थापित किए गए । लगातार सात दिवस तक रतलाम जिले की जनता को स्थानीय उत्पादों का लाभ प्राप्त हुआ।
आकांक्षा हाट में कुल 35 स्टॉल लगाए गए, सभी स्टॉलों से कुल 1852 उत्पादों की बिक्री हुई, जिनके माध्यम से 3,48,780-/ रुपए की धनराशि विक्रेताओं को प्राप्त हुई। आकांक्षा हाट के साथ ही सातों दिवसों में प्रतिदिन गुलाब चक्कर में लाइटिंग एवं संगीत गायन, नृत्य आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन अवसर पर सुश्री नीना आशापुरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारे समाज मे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हैं, जो व्यावसायी अपने उत्पादों को बड़े स्तर तक नहीं ले जा सकते वह इन हाट बाजारों में अपने उत्पादों को उचित मूल्य पर विक्रय हेतु रख सकते हैं और अपना प्रचार-प्रसार कर सकते हैं, जिससे वह अपनी आजीविका को अच्छे तरीके से चला सकते हैं। उनके द्वारा हाट में उपस्थित सभी व्यापारियों एवं किसानों तथा कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागीगणों एवं प्रदर्शनकर्ताओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई । साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित नालसा एवं सालसा की योजनाओं के बारे में संक्षिप्त में बताया कि हमारा उद्देश्य समाज में पंक्ति के अंतिम छोर के व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है। और कोई भी व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सेंटर, जिला न्यायालय परिसर रतलाम में प्राप्त कर सकता है ।
कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया एवं मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। साथ ही ऐसे हाट का आयोजन हमेशा होते रहेंगे ऐसा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी नवरात्रि में कालिका माता मंदिर परिसर में मेला आयोजित किया जाएगा, उस मेले में गुलाब चक्कर को भी सुसज्जित करके हमारे लोकल फॉर वोकल के आधार पर दुकानें लगाई जाएगी। कलेक्टर श्री बाथम ने आकांक्षा हाट की उचित व्यवस्था के लिए साथी अधिकारीगण एवं उनके टीम वर्क की सराहना की ।
आकांक्षा हाट में जिन स्टालों द्वारा अच्छा परफॉर्मेंस किया गया, उनको प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बाजना जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी जन अभियान परिषद के जिला समन्वय, जिला योजना अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे