“जन्मदिन का सबसे श्रेष्ठ उत्सव तभी सार्थक होता है जब उसे मानव सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़ा जाए, दिव्यांग बच्चों की मुस्कान ही हमारा सच्चा आशीर्वाद है” – राजकुमार हरण, जिला अध्यक्ष

जावरा (अभय सुराणा ) । अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, जिला रतलाम द्वारा शुक्रवार 26 सितम्बर को पिपलोदा स्थित जिला दिव्यांग छात्रावास में हर्षोल्लास के साथ जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों संग भोजन, उपहार वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया।
मुख्य अतिथि राजकुमार हरण ने अपने संबोधन में कहा कि “मानव सेवा और समाजहित से जुड़ा उत्सव ही जीवन को सार्थक बनाता है।” विशेष अतिथि विवेक नागर ने कहा कि जन्मदिन का यह आयोजन सेवा और फेलोशिप का अनुपम उदाहरण है। वहीं, प्रदीप सिंह बेस ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वास्तव में “विकलांगता कोई कमी नहीं, यह केवल सोच का अंतर है।”
कार्यक्रम में आनंदीलाल लोढ़ा ने छात्रावास की व्यवस्था की सराहना करते हुए जन्मोत्सव पर सभी 50 बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल व शार्पनर का सेट भेंट किया और भोजन व्यवस्था हेतु 5100 रुपए का सहयोग भी प्रदान किया।
हिमानी दढ़ीग और खुशी परिहार के मार्गदर्शन में मुखबधिर छात्रों ने राष्ट्रीय गीत ‘जन गण मन’ और एक सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित जन भावुक हो उठे और वातावरण आत्मीयता से भर गया।
छात्रावास वार्डन के अनुरोध पर संगठन अध्यक्ष राजकुमार हरण ने दीपावली पश्चात बच्चों के लिए फ्रिज उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस दौरान भावुक हुए राहुल छाजेड़ ने कहा कि “बच्चों के बीच बिताया गया यह क्षण मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।”
प्रतीक लोढ़ा ने कहा कि “दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया गया मेरा यह जन्मदिन मेरे जीवन की सबसे यादगार स्मृति बन गया है।” उन्हें छात्रावास परिवार व संगठन की ओर से शाल व मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात लोढ़ा परिवार ने बच्चों को खीर-पूरी सहित स्वादिष्ट भोजन कराकर सेवा भाव का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन अंबाराम बोस ने किया और आभार कनकमल चौरडिया ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के पश्चात संगठन की जिला इकाई की बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई और नए सदस्यों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यगण कनकमल चौरडिया, सुरेंद्र सुराणा, शैलेंद्र श्रीश्रीमाल, अंकित हरण, एजाजुद्दीन शेख, दीपक श्रीश्रीमाल, अदनान शेख, श्रीमती मंजू हरण, श्रीमती सुमन लोढ़ा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।