- व्यापारियों ने विधायक और पुलिस से लगाई गुहार
- व्यापारियों ने एसपी व मुख्यमंत्री को अवगत कराने का लिया निर्णय

जावरा। शहर का हुंडी बाजार, जो दशकों से भरोसे और साख के दम पर व्यापारियों व निवेशकों के लिए जीवनदायिनी धारा की तरह चलता आया है, बीते कुछ महीनों से लगातार विवादों की आंच में झुलस रहा है। अभी भाजपा नेता भेरूलाल पाटीदार से जुड़े विवाद की गूंज थमी भी नहीं थी कि अब बजाजखाना की एक प्रतिष्ठित लगभग 60 साल पुरानी फर्म बालचंद बाबूलाल कांठेड़ पर भी गंभीर आरोप लगने से बाजार में हड़कंप मच गया है।
गत दिवस नाराज व हताश दर्जनभर व्यापारी और निवेशक विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय तथा शहर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने फर्म संचालक संदीप पिता मदनलाल कांठेड़ की शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि संदीप ने छोटे निवेशकों से लाभ पहुंचाने की दृष्टि से लिए गए लगभग 50 लाख रुपए लौटाने में एक साल से टालमटोल कर रखी है और अब साफ इंकार कर दिया है।
व्यापारियों ने संदीप कांठेड़ को बहुत समझाने कोशिश की। जिसका पैसा आपने लिया है ।उसे लौटाना ही होगा। लेकिन वह व्यापारियों की एक भी बात सुनने को तैयार नहीं है। जबकि उसका कारोबार बहुत अच्छा चल रहा है।
धमकी भी दी, “पुलिस कुछ नहीं बिगाड़ सकती”
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी मेहनत की कमाई मांगने गए तो संदीप ने खुलेआम कहा कि “मेरे पास अब पैसे नहीं हैं और पुलिस भी मेरा कुछ नहीं कर सकती।” जबकि वास्तविकता यह है कि बजाजखाना स्थित करोड़ों की संपत्ति और कपड़े का व्यापार उनके पास सुचारु रूप से चल रहा है।
इतना ही नहीं, जब कोई निवेशक उनके घर पहुंचकर राशि की मांग करता है तो उनकी पत्नी सीधे धमकी देती है कि “अगर बार-बार रुपए मांगने आए तो झूठे केस में फंसा देंगे।” इस रवैये से निवेशकों में गहरी नाराजगी व्याप्त है।
निवेशकों का दर्द
निवेशकों ने विधायक और पुलिस के समक्ष अपना दर्द बयां करते हुए कहा—
“हमने मेहनत की कमाई सिर्फ भरोसे पर दी थी, अब जब लौटाने की बारी आई तो हाथ खड़े कर दिए जा रहे हैं।”
“यह सिर्फ रुपए की बात नहीं है, यह पूरे बाजार की साख का सवाल है। अगर आज कार्रवाई नहीं हुई तो कल कोई भी व्यापारी किसी पर विश्वास नहीं करेगा।”
“हम चाहते हैं कि इस बार कड़ी कार्रवाई हो, ताकि बाकी बाजार को भी संदेश मिले कि निवेशकों की गाढ़ी कमाई के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।”
मध्यस्थता भी रही नाकाम
करीब छह माह पूर्व गुजरात और राजस्थान से जुड़े दो रिश्तेदारों ने मध्यस्थ बनकर निवेशकों को राशि दिलवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन समय बीतने के बाद अब वे भी किनारा कर चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि व्यापारियों की गाढ़ी कमाई फंस चुकी है और आरोपी पक्ष इसे लौटाने के मूड में नहीं है।
एसपी, व मुख्यमंत्री को भी अवगत कराएंगे
व्यापारियों का कहना है कि अगर संदीप पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती है तो वे रतलाम जाकर एसपी को भी इस संबंध में अवगत कराएंगे । साथ ही 3 अक्टूबर को जावरा में मुख्यमंत्री के आने की संभावना है घटना की जानकारी से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराएंगे।
साख पर लग रहा दाग, निवेशकों का भरोसा टूटा
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहर के हुंडी बाजार की साख बुरी तरह प्रभावित हो रही है। निवेशक जो अब तक केवल भरोसे और विश्वास के आधार पर लाखों रुपए व्यापारियों को उपलब्ध करवाते रहे हैं, उनका मनोबल टूटने लगा है। बाजार में यह चर्चा तेज है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार की नींव ही हिल सकती है।
एफआईआर की मांग
निवेशकों ने विधायक और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फर्म संचालक संदीप कांटेड एवं परिवारजनों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी के प्रकरण में FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यापारी साख और विश्वास के साथ खिलवाड़ न कर सके।