

रतलाम। बैंक ऑफ़ बड़ौदा रिटायर्ड स्टाफ एसोसिएशन के सदस्य सेवानिवृत्ति उपरांत भी समाज सेवा की गतिविधियों को निरंतर जारी रखे हुए हैं। इसी अनवरत जारी क्रम में रतलाम जिले के ग्राम निंबोदिया के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में 10 फर्नीचर सेट (30 बच्चों के बैठने हेतु) प्रदान किए गए। एसोसिएशन द्वारा इससे पूर्व भी इसी माह में ग्राम खेड़ा खेड़ी के शासकीय स्कूल में भी 10 फर्नीचर सेट प्रदान किए गए थे।
ग्राम निंबोदिया के स्कूल में आयोजित गरिमामय लोकार्पण समारोह का आरंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। मां शारदा की स्तुति का सुंदर प्रस्तुतीकरण स्कूल की छात्राओं द्वारा किया गया। स्कूल के प्रधान अध्यापक राधेश्याम चौहान ने अपने उद्बोधन में बैंक ऑफ़ बड़ौदा रिटायर्ड स्टाफ एसोसिएशन द्वारा फर्नीचर उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए इसे प्रेरणास्पद बताया। एसोसिएशन के सदस्य जयंतीलाल जैन, हरीश यादव, ओंकारलाल चौहान व अमर सिंह गेहलोत इस अवसर पर उपस्थित रहे। शिक्षकगण पुष्पेंद्र सिंह डोडिया, कमल सिंह राठौड़, रामचंद्र धाकड़ व किशोर सोलंकी ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा रिटायर्ड स्टाफ एसोसिएशन के विभिन्न सेवा प्रकल्पों की सराहना करते हुए भविष्य में इसे निरंतर रखने की आशा व्यक्त की।
कार्यक्रम का सफल संचालन राधेश्याम चौहान ने किया और आभार व्यक्त किया पुष्पेन्द्र सिंह डोडिया ने।