जैनाचार्य श्रीपूज्य जिनचंद सूरिजी म.सा. का 71वां जन्मोत्सव – 5 अक्टूबर को देशभर में 100 से अधिक दादावाड़ियों में दादागुरु पूजा

रतलाम । ध्यान, साधना और आध्यात्मिक जागरण को अपने जीवन का ध्येय बनाकर हजारों साधकों के जीवन को ज्ञान और भक्ति से सराबोर करने वाले जंगम युग प्रधान, बृहद भट्टारक खरतरगच्छाधिपति 1008 आचार्य श्रीपूज्य जिनचन्द्र सूरिजी महाराज साहब का 71वां जन्मोत्सव इस वर्ष 5 अक्टूबर को देश-विदेश में वृहद स्तर पर मनाया जाएगा।
इस अवसर पर देशभर की 100 से अधिक दादावाड़ियों में दादागुरुदेव की अष्टप्रकारी पूजा, गुरु वंदना, आरती, सामूहिक ध्यान, वृक्षारोपण और जीवदया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह कोलकाता स्थित मानिकतला दादावाड़ी में श्रीपूज्य जी के सान्निध्य में प्रातः 8 बजे से आरंभ होगा। इसमें दादावाड़ी शुद्धिकरण, अष्टप्रकारी पूजा, आरती, गुरु वंदना, सत्य साधना एवं वृक्षारोपण जैसे आयोजन होंगे। इसका सीधा प्रसारण सत्य साधना के यूट्यूब चैनल पर देश-विदेश के श्रद्धालु देख सकेंगे। यह भव्य आयोजन केवल भारत ही नहीं, बल्कि नेपाल और अमेरिका सहित विश्वभर में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बंगाल, दिल्ली, बिहार और उत्तरप्रदेश के प्रमुख नगरों में भी दादागुरु पूजा व विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे ।

मध्यप्रदेश में विशेष आयोजन

इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रतलाम, सैलाना, महिदपुर, गरोठ, भानपुरा, खाचरोद, नागदा, आलोट, जावरा, शाजापुर, नलखेड़ा, रिंगनोद, अष्टापद तीर्थ, नागेश्वर तीर्थ, भोपावर तीर्थ, आष्टा तीर्थ, देवास, बिछड़ोद, बड़वाह समेत अनेक स्थानों पर भक्तों द्वारा दादागुरु पूजा संपन्न होगी।

रतलाम का स्थानीय आयोजन

रतलाम के थावरिया बाजार स्थित श्री राखब देव बाबा साहब जैन मंदिर परिसर की दादावाड़ी में भी जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यहाँ 5 अक्टूबर को सुबह 8 से 10 बजे तक दादावाड़ी शुद्धिकरण, अष्टप्रकारीपूजा, गुरुइकिसा , गुरुवंदना, सामूहिक ध्यान, पौधारोपण कार्यक्रम , आयोजित होंगे।
आयोजकों ने सभी गुरु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक महाआयोजन को सफल बनाने की विनम्र अपील की है।

Play sound