

रतलाम। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सेवा सिंधु शिविर का आयोजन गुलाब चक्कर कालिका माता मंदिर के पास पर किया गया । जिसके तहत शहर के गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सोलर ऊर्जा संबंधित वेंडर को आमंत्रित किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सोलर योजना को घर-घर पहुंचाना एवं अधिक से अधिक शहरवासियों को इसका लाभ दिलाना है ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल ने सौर ऊर्जा के महत्व के बारे में अपने विचार साझा किया । उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा का उपयोग वे अपने निवास एवं प्रतिष्ठान में कॉविड काल के पूर्व से कर रहे हैं एवं नगर निगम द्वारा सौर्य सेवा कार्यक्रम के तहत यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया l उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विभिन्न वार्डों में आयोजित कर रतलाम की जनता को सोर्य ऊर्जा के प्रति जागरूक किया जाएगा ।
विशिष्ट अतिथि एवं रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने इस आयोजन को अत्यंत ही लाभकारी एवं दूरदृष्टि बताया । मनोहर पोरवाल ने कहा कि वर्षों पूर्व मध्यप्रदेश में विद्युत खपत की तुलना में विद्युत उत्पादन बहुत ही काम था परंतु पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश सरकार ने इस पर ध्यान देकर विद्युत आपूर्ति पूर्ण की है। भविष्य की देखते हुए आज सूर्य ऊर्जा की अत्यंत आवश्यकता है ।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रदेश सचिव वरुण पोरवाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि वर्तमान में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोर्य ऊर्जा संबंधित घरो एवं उद्योगों में कई तरीके के अनुदान दिए जा रहे है । सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक लाभ लेना हमारा लक्ष्य होना चाहिए l भविष्य को देखते हुए पानी की समस्या भी पर भी ध्यान केंद्रित करना जरूरी है एवं हाइड्रो पावर स्टेशन में जो पानी उपयोग में आता है उसकी तुलना में सोर्य ऊर्जा ज्यादा लाभकारी है l मध्यप्रदेश विद्युत मंडल रतलाम द्वारा ऐसे आयोजन जनहित में अत्यंत लाभकारी है एवं जनता में जागरूकता लाते हैं l पोरवाल ने यह भी बताया कि वर्तमान में विभिन्न बैंकों द्वारा घरो में सोलर लगाने पर ब्याज दर 5.75% से 7.5% रखी गई है जो कि बहुत ही किफायती है ।
रतलाम विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी ने कहा कि न्यूक्लियर पावर से विद्युत आपूर्ति की तुलना में सौर्य ऊर्जा घरों एवं उद्योगों के लिए कई गुना बेहतर है ,इसे लगाने का खर्च भी कम आता है एवं विपरीत परिस्थितियों में न्यूक्लियर रिएक्टर पर हमले की संभावना बन सकती है परंतु सोर्य ऊर्जा में ऐसी कोई कोई दिक्कत नहीं है ।
अधीक्षण यंत्री रतलाम वृत मनोज शर्मा द्वारा बताया गया कि रतलाम शहर में सोलर रूफ़ टॉप हेतु अभी तक की प्रगति 4000 संयंत्र की है जबकि लक्ष्य 7185 का है इसके लिए जन जागरूकता बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। सेवा पर्व में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ा जाकर लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम में विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यपालन यंत्री ओपी सेन, ऊर्जा विकास निगम से श्री राठौर भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा ब्रांच मैनेजर रवि पाटीदार , लीड बैंक मैनेजर मोहन मीना, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, वार्ड नंबर 36 पार्षद प्रतिनिधि राजेश महेश्वरी आदि तथा 10 सोलर वेंडर उपस्थित रहे l शिविर में लगभग 91 लोगों ने योजना की जानकारी प्राप्त की तथा 14 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही रूफ़ टॉप लगाने हेतु रजिस्ट्रेशन करवाया।