रतलाम मंडल के पहलवानों का शानदार प्रदर्शन, जीते 17 पदक

रतलाम, 16 अक्टूबर। नई दिल्ली स्थित करनैल सिंह स्टेडियम में 7 से 9 अक्टूबर 2025 तक आयोजित 66वीं ऑल इंडिया इंटर रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की सभी क्षेत्रीय रेलों एवं उत्पादन इकाइयों के पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में मुकाबले हुए। पश्चिम रेलवे के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक जीते, जिनमें से 17 पदक रतलाम मंडल के पहलवानों ने हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर पश्चिम रेलवे ने 12 वर्ष बाद ग्रीको रोमन में चैंपियनशिप जीती और फ्री स्टाइल में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रतलाम मंडल के खिलाड़ियों ने कुल 17 पदक जीते — जिनमें 3 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं।
स्वर्ण पदक विजेता: श्री रहित (82 किग्रा), आकाश (72 किग्रा) एवं उत्तम राणा (130 किग्रा)। रजत पदक विजेता: श्री संजीव (55 किग्रा), मोहित (60 किग्रा), सचिन (77 किग्रा), सचिन यादव (87 किग्रा), सरवन कौशल (57 किग्रा), रूपिन (63
किग्रा), सौरभ सहरावत (74 किग्रा) एवं परवीन कुमार (97 किग्रा)।
कांस्य पदक विजेता: अनुज दहिया (72 किग्रा), सचिन दयाल (67 किग्रा), राहुल (70 किग्रा), नितेश (97 किग्रा), मनोज (87 किग्रा) एवं परमीत (86 किग्रा)।
रतलाम मंडल के इन पहलवानों ने पश्चिम रेलवे को ग्रीको रोमन में विजेता और फ्री स्टाइल में तीसरा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे की ओर से श्री सत्यदेव मलिक, श्री राजवीर चिक्कारा और श्री अरविंद पटेल कोच के रूप में शामिल हुए।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने सभी विजेताओं और कोचों को बधाई देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने रतलाम में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए एक वर्ष के भीतर एक नया रेसलिंग हॉल निर्माण कराने की
घोषणा की, जिससे मंडल के पहलवानों को प्रशिक्षण की अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर रतलाम मंडल खेलकूद संघ के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री पीयूष पांडेय, संयुक्त सचिव एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (पावर) ले. श्री डी.के. प्रजापति, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधकश्रीमती हीना वी. केवलरामानी तथा मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक श्री हरीश चांदवानी उपस्थित रहे।
रतलाम मंडल के पहलवानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार सहित मंडल के सभी अधिकारियों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।