“वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर रतलाम रेल मंडल में मनाया गया स्मरण उत्सव

रतलाम, 7 नवम्बर 2025। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में भी यह स्मरण उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गर्व के साथ मनाया गया।
मुख्य समारोह का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्‍वनी कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रतलाम प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया गया। वंदे मातरम्गा यन के साथ ही पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना का वातावरण छा गया।
इस अवसर पर रतलाम मंडल के सभी महत्‍वपूर्ण स्‍टेशनों — जिनमें रतलाम, उज्‍जैन, इंदौर, नागदा, चित्तौड़गढ़, दाहोद, नीमच, मंदसौर, डॉ. अम्‍बेडकर नगर आदि प्रमुख स्टेशन शामिल हैं — पर भी “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यालयों, डिपो एवं संस्थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत के माध्यम से अपनी देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गौरव का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसरों में “वंदे मातरम्” से संबंधित ऑडियो संदेश एवं विशेष उद्घोषणाएं प्रसारित की गईं। साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों पर लगे एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन पर “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने से संबंधित जानकारी और संदेश पूरे वर्षभर प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आयोजन रतलाम मंडल के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर रहा, जिसने सभी रेलकर्मियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और सांस्कृतिक सम्मान की भावना को और अधिक प्रबल किया।

Play sound