- एक छोटी सी जांच, ना आने दे जीवन पर आंच
- कैंसर के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं – सी एम एच ओ डॉ संध्या बेलसरे


रतलाम 7 नवंबर । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संध्या बेलसरे ने बताया कि हर साल 7 नवंबर को राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस (National Cancer Awareness Day) मनाया जाता है, ताकि लोगों को याद दिलाया जा सके कि कैंसर की शुरुआती पहचान से जीवन बचाया जा सकता है। रतलाम जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर इस अवसर पर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ सत्येंद्र राजावत ने बताया कि राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष कर मुख , स्तन, सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है। मुख कैंसर के मुख्य लक्षण पूरा मुंह ना खुल पाना , मुंह में कोई भी छाला या घाव जो लंबे समय से ठीक ना हो रहा हो , आदि है। स्तन कैंसर की प्रारंभिक पहचान के लक्षण में स्तन में किसी भी प्रकार की गांठ होना मुख्य है , सर्वाइकल कैंसर के मुख्य लक्षण में रजोनिवृत्ति या मेनोपॉज के बाद खून आना , योनि से खून आना, यौन संबंधों के बाद खून आना , यौन संबंध के बाद दर्द , बदबूदार या अत्यधिक योनि स्राव होना आदि मुख्य है। ऐसे किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अपनी जांच नजदीकी शासकीय अस्पताल में करानी चाहिए। कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू एवं शराब के सेवन से दूर रहे , हेपेटाइटिस बी का टीका लगवाएं, स्वस्थ आहार ले भोजन में फल एवं सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं , शारीरिक रूप से सक्रिय रहे और अपना वजन सामान्य बनाए रखें , व्यक्तिगत स्वास्थ्य और स्वच्छता का ध्यान रखें, स्वस्थ जीवन शैली अपना कर कैंसर से बचा जा सकता है।