शत प्रतिशत गर्भवती माता एवं शिशुओं को सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए
रतलाम । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना पहुंची। वहां मौजूद ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ शैलेश डांगे की उपस्थिति में चिकित्सा अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। डॉ बेलसरे ने गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम , सिकल सेल एनीमिया , प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान , आयुष्मान भारत वय वंदना योजना , गर्भवती एवं शिशुओं को स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में अनमोल पोर्टल में डेटा प्रविष्टि करने के संबंध में निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में गर्भवती माता अथवा नवजात शिशु की स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मृत्यु नहीं होना चाहिए। सभी मैदानी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर गर्भवती माता का परीक्षण करें , आशा कार्यकर्ता नवजात शिशुओं की गृह भेंट आधारित स्वास्थ्य देखभाल करें तथा एस एन सी यू एवं पोषण पुनर्वास केंद्र से डिस्चार्ज बच्चों का फॉलोअप करें। कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें।
सीएमएचओ ने सैलाना के प्रसव केन्द्र का निरीक्षण किया तथा अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर प्रोटोकॉल आधारित सीमाएं प्रदान करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए । बैठक में बीपीएम श्री धनसिंह रावत, सी पी एच सी सलाहकार श्री लोकेश वैष्णव, बी ई ई श्री कैलाश यादव एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित थे।