- क्लस्टर पंचायत मुख्यालय पर होगी समीक्षा
- किसानों के लिए लगाई जाएगी चौपाल
रतलाम 4 दिसंबर। जिले में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की चिन्हित फ्लैगशिप योजनाओं में शत प्रतिशत सेचुरेशन को प्राप्त करने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में “प्रशासन गाँव की ओर अभियान“ प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान अंतर्गत शासन की फ्लैगशिप स्कीम का क्रियान्वयन, प्रगतिरत महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा एवं जन सुनवाई/किसान चौपाल आयोजित की जाएगी। अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु चिन्हित क्लस्टरों का दौरा कैलेंडर जारी किया गया है। शुक्रवार 5 दिसंबर को पहला कार्यक्रम 19 ग्राम पंचायतों में निर्धारित किया गया है। निर्धारित पंचायतों के लिए अभियान दो चरणों में संचालित किया जायेगा। पूर्वाह्न में, प्रातः 9 बजे से 1 बजे तक क्लस्टर की पंचायतों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जायेगा। उक्त समय पर जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा प्रगतिरत कार्यों और विभागीय कार्यों का निरिक्षण किया जायेगा। दूसरे चरण में अपराह्न में, क्लस्टर मुख्यालय शिवगढ़ (जनपद सैलाना) पर सभी पंचायतों की योजनाओं की समीक्षा एवं लंबित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
5 दिसंबर को 19 ग्राम पंचायतों में लगाये जायेगे अनुश्रवण शिविर
प्रातः 9 बजे से 1 बजे तक होगा अनुश्रवण
प्रशासन गांव की ओर अभियान अंतर्गत 5 दिसंबर को जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत 19 ग्राम पंचायत अडवानिया, सांसर, भीलों की खेडी, कोटडा, करिया, भामट, सुण्डी, दौलतपुरा, कांगसी, ठिकरीया, बासिन्द्रा, खेडीकला, बायडी, तालाबकोर्डी, शिवगढ़, बावडी, केल्दा, कुआझागर, डुंगरापुंजा में अनुश्रवण शिविर आयोजित किए जाऐगे। प्रत्येक पंचायत के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, ब्लाक स्तरीय नोडल अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तरीय अमले द्वारा उपस्थित होकर प्रातः 09:00 बजे से 01:00 बजे तक आमजन की समस्याओं को सुनकर अनुश्रवण पंजी में दर्ज किया जाएगा। दोपहर 01:00 से 01:30 तक अभियान के क्लस्टर पंचायत मुख्यालय पर सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित होगे एवं 2:30 से 4:00 बजे तक क्लस्टर पंचायत मुख्यालय शिवगढ़ पर अनुश्रवण पंजी की कलेक्टर द्वारा समीक्षा की जाएगी। सायंकाल 4:00 बजे से 5:30 तक क्लस्टर में सम्मिलित पंचायतों में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा होगी। सायंकाल में किसानों को कृषि संबंधी मार्गदर्शन के लिए कृषि चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को ’प्रशासन गाँव की ओर अभियान’ के जिला नोडल अधिकारी, तहसीलदार व मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत (संबंधित) क्लस्टर के सहायक नोडल अधिकारी होगें। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों/कर्मचारियों की जनपद पंचायत क्लस्टर एवं ग्राम पंचायत वार ड्यूटी लगायी गई है। शिविर का प्रबंधन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करेंगे।
ग्राम पंचायत पर शिविर आयोजन के लिए जिला नोडल अधिकारी, ब्लाक सहायक नोडल अधिकारी एवं सचिव, जीआरएस, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम को दायित्व सौंपा गया है। समस्त निर्माण विभाग ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, एम.पी.आर.डी.सी. सेतु निगम आदि क्षेत्र मे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के समय अपने अधीनस्थ कार्यरत कर्मचारी एवं ठेकेदार की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
शिविर दिनांक को प्राप्त आवेदन दोपहर पश्चात जिला नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करने का कार्य सहायक नोडल अधिकारी करेंगे। ’प्रशासन गाँव की ओर अभियान’ का प्रचार-प्रसार व निर्धारित तिथि को हितग्राहियों को शिविर स्थल पर लाने का काम सचिव, जी.आर.एस, पटवारी, आंगनवाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ए.एन.एम द्वारा किया जाएगा। शिविर में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज करने का काम ब्लॉक स्तरीय कम्प्यूटर ऑपरेटर और तकनीकी टीम द्वारा किया जाएगा। पोर्टल पर मॉनिटरिंग एवं तकनीकी सहायता का दायित्व जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, लोक सेवा प्रबंधक, ई-गवर्नेंस को सौंपा गया है।