रीजन व झोन चेयरपर्सन की गरिमामय यात्रा में गौशालाओं को म्यूजिक सिस्टम,101 कंबल वितरण से सेवा गतिविधि संपन्न


जावरा (अभय सुराणा) । लायंस क्लब जावरा की पारिवारिक सभा के साथ रीजन चेयरपर्सन लायन संतोष जी मेडतवाल एवं झोन चेयरपर्सन लायन शैलेन्द्र जी पांडे की आधिकारिक यात्रा शनिवार को लायंस हॉल परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान व ध्वज वंदना ला नरेंद्र संघवी द्वारा की गई। संस्था परिवार की बेटी प्रिशा जैन ने स्वरचित कविता “मानव सेवा” प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
अतिथियों का स्वागत लायंस क्लब अध्यक्ष MJF लायन यश जैन एडवोकेट, सचिव लायन अशोक चोपड़ा, कोषाध्यक्ष ला राकेश पी. कोचट्टा, प्रशासनिक समिति सदस्य कमल जैन, सुजानमल कोचट्टा, डॉ. एच.एस. राठौर एवं गोपाल सेठिया द्वारा किया गया।
स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष लायन यश जैन ने कहा कि शपथ ग्रहण के पश्चात विगत छह माह में क्लब द्वारा अनेक सेवा कार्य किए गए हैं। आने वाले समय में लायंस नेत्र चिकित्सालय परिसर में ऑडिटोरियम के रूप में एक बड़ी सौगात के साथ चिकित्सालय को और अधिक अत्याधुनिक व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे ज्ञानवर्धक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
सचिव लायन अशोक चोपड़ा ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 1 जुलाई से 20 दिसंबर तक की छह माह की अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पुलिस कर्मियों की निःशुल्क नेत्र जांच, सेवा सप्ताह में सात दिवसीय विविध सेवा गतिविधियां तथा नगरवासियों को कम खर्च में सभी प्रकार की जांच उपलब्ध कराने हेतु डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ किया गया। लायंस नेत्र चिकित्सालय की गतिविधियों की जानकारी डॉ. सुरेश मेहता ने देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक 41,807 ओपीडी तथा 3,423 ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किए जा चुके हैं और यह सेवा निरंतर जारी है।
झोन चेयरमैन डॉ. शैलेन्द्र पांडे ने कहा कि वे स्वयं को अतिथि से पहले क्लब का सदस्य मानते हैं और लायंस क्लब जावरा द्वारा किए गए सेवा प्रकल्प वास्तव में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने में सफल रहे हैं। रीजन चेयरमैन लायन संतोष मेडतवाल ने लायंस नेत्र चिकित्सालय के माध्यम से रिकॉर्डतोड़ नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशनों की सराहना करते हुए कहा कि अल्प समय में यह उपलब्धियां क्लब की सक्रियता व सेवा भावना का प्रमाण हैं।
समारोह में सेवा गतिविधियों को प्रधानता देते हुए जयेश चोरड़िया के सौजन्य से अतिथियों के हाथों नौ गौशालाओं को म्यूजिक सिस्टम भेंट किए गए, ताकि गौ माताओं को वैदिक मंत्रों का श्रवण लाभ मिल सके। वहीं क्लब सचिव द्वारा 101 कंबल जरूरतमंदों के वितरण हेतु प्रदान किए गए। दोनों दानदाताओं का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त, संस्था सदस्य व पूर्वाध्यक्ष पवन मोदी का मिशन 1.5 के अंतर्गत 200 से अधिक सदस्यता वृद्धि पर अहमदाबाद में आयोजित मल्टीपल समारोह में गौरव अवॉर्ड प्राप्त होने पर सम्मान किया गया।
लक्की लायन एवं लाइनेड की कार्यवाही टेल ट्विस्टर शेखर नाहर द्वारा की गई, जिसमें लक्की लायन राजकुमार मारवाड़ी एवं लक्की लाइनेड शशि मेहता को उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन ला राजकुमार मारवाड़ी ने किया तथा आभार तृतीय उपाध्यक्ष ला पंकज कांठेड़ ने माना।
इनकी रही उपस्थिति
संस्था के पूर्वाध्यक्ष कमल मूणत, गोपाल सेठिया, घनश्याम रामनाणी, विजय पामेचा, अरुण संघवी, राकेश एम. कोचट्टा, अवध नारायण पालीवाल, अशोक सेठिया, अनिल धारीवाल; संस्था सदस्य मनीष कोचर, हेमंत श्रीमाल, विजय राठौर, नरेंद्र विनायका, विमल सिसोदिया, सुनील राठौड़, विपिन चौरड़िया, संजय चपरोद, प्रहलाद हाड़ा, संदीप रांका सहित अनेक लायन सदस्य परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे। साथ ही गौशाला प्रतिनिधि पुखराज भंडारी (भाटखेड़ा), अरविंद पाटीदार, गजेंद्र बना (तालिताना), पुखराज काठेड, महावीर छाजेड़ एवं अन्य गणमान्य गौशाला सदस्य भी मौजूद थे।