कृषक कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ 11 जनवरी से

रतलाम 10 जनवरी। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विभागों जैसे पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन की विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीक सुधार की जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्‍य से शासन द्वारा प्रचार रथ चलाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 11 जनवरी को कृषक कल्‍याण वर्ष 2026 का शुभारंभ भोपाल से कृषक रथ को हरी झण्‍डी दिखाकर किया जायेगा। तदोपरांत वृहद किसान सभा में कृषक कल्‍याण वर्ष – 2026 के शुभारंभ की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्‍तर पर मण्‍डी समिति रतलाम में एवं जिले के समस्‍त विकासखण्‍ड मुख्‍यालयों पर किया जायेगा। साथ ही जिला मुख्यालय एवं समस्त विकासखंड मुख्‍यालयों में कृषक रथ कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जायेगा। कृषक रथ प्रतिदिन 3 पंचायतों में भ्रमण करेगा।