लायंस क्लब जावरा द्वारा निःशुल्क दवाई एवं चश्मा वितरण, संत के सान्निध्य में सेवा कार्य संपन्न

जावरा (अभय सुराणा) । “मानव सेवा परमो धर्म” के पावन ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए लायंस क्लब जावरा द्वारा नेत्र चिकित्सालय परिसर में नेत्र ऑपरेशन कराए गए जरूरतमंद रोगियों को निःशुल्क दवाइयों एवं चश्मों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर नेत्र पीड़ित रोगियों को उपचार के पश्चात आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान करने हेतु परम पूज्य आचार्य अनिकेत कृष्ण जी महाराज (श्री ब्रज बिहारी सरकार) की पावन उपस्थिति रही। साथ ही नेत्रदानी स्व. सुभाष जी पटवा के सुपुत्र कुशल पटवा एवं जावरा शहर की ट्रैफिक इंचार्ज सूबेदार मोनिका चौहान विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में लायंस क्लब जावरा के अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष द्वारा महाराज श्री एवं समस्त अतिथियों का शाल एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट का उद्बोधन

संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने अपने उद्बोधन में कहा कि लायंस क्लब जावरा विगत कई वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। नेत्रदान, निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, ऑपरेशन, दवा एवं चश्मा वितरण जैसे कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूज्य महाराज श्री की उपस्थिति से संस्था को विशेष प्रेरणा एवं गौरव प्राप्त हुआ है, जो सभी सदस्यों को और अधिक सेवा कार्य करने की शक्ति प्रदान करती है।

पूज्य आचार्य अनिकेत कृष्ण जी महाराज का संदेश

पूज्य आचार्य अनिकेत कृष्ण जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में लायंस क्लब जावरा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है और जो संस्था निःस्वार्थ भाव से पीड़ित मानव की सेवा करती है, वही सच्चे अर्थों में समाज निर्माण का कार्य करती है।” उन्होंने सभी सदस्यों को निरंतर सेवा, समर्पण और करुणा के मार्ग पर चलते रहने का आशीर्वाद प्रदान किया।

अन्य अतिथियों के विचार

नेत्रदानी स्व. सुभाष जी पटवा के सुपुत्र कुशल पटवा ने अपने पिता की स्मृति को सम्मान देने हेतु संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। ट्रैफिक इंचार्ज सूबेदार मोनिका चौहान ने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं का योगदान प्रशासन के कार्यों को मजबूती प्रदान करता है और ऐसे स्वास्थ्य सेवा कार्य आमजन के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया एवं भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।उक्त कार्यक्रम में संस्था के पूर्वाध्यक्ष लायन घनश्याम रामनानी, लायन अरुण संघवी,लायन कमल जैन,लायन नरेंद्र संघवी, लायन देवेन्द्र शर्मा सुजापुर आदि कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।