15 दिवसीय सेवा-साधना महोत्सव: देश के 18 राज्यों में शिक्षा, चिकित्सा और संस्कार के कार्यक्रम

जावरा (अभय सुराणा) । राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश के जन्मदिन समारोह की शुरुआत सेवा और समर्पण के भाव के साथ की गई। अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच, नई दिल्ली के वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रसंत का जन्मोत्सव इस वर्ष 8 फरवरी से 22 फरवरी तक पूरे देश में 15 दिवसीय सेवा-साधना-शिक्षा-चिकित्सा महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर देश के 18 राज्यों में अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं मानवीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में श्रीमद् भागवत गीता पीठ कुरुक्षेत्र, राष्ट्रीय स्वर्णिम भारत मंच, राष्ट्रीय गौ रक्षा सेवा समिति, राष्ट्रीय मुस्लिम अहिंसा मंच, राष्ट्रीय सर्व धर्म संसद, अखिल भारतीय वीरवाल जैन युवक संघ, साथ ही दिवाकर मंच की युवा एवं महिला शाखाएँ सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
जन्मोत्सव की शुरुआत के पहले ही दिन एक प्रेरणादायी कार्य करते हुए अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय महामंत्री अभय श्रीमाल ने लगभग 8800 स्क्वायर फीट में निर्माणाधीन जैन दिवाकर कमल मुनि कमलेश छात्रावास को गुरुचरणों में भेंट कर समर्पित किया। यह छात्रावास भविष्य में विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और संस्कार का सशक्त केंद्र बनेगा।
सेवा, शिक्षा और अहिंसा के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का यह 15 दिवसीय अभियान राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश के विचारों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।