माता पिता पूजन के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजन, मुख्य कार्यक्रम महाशिवरात्रि को



रतलाम 12 फरवरी। माता-पिता पूजन भारतीय संस्कृति की आत्मा है। वर्तमान समय में सामाजिक संतुलन, पारिवारिक सौहार्द और मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। माता-पिता का सम्मान ही वास्तव में मानवता का सम्मान है। इसी पुनीत भाव को लेकर युवा सेवा संघ द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित माता पिता पूजन में बड़ी संख्या में हर उम्र और वर्ग के नागरिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे है। जिला स्तरीय माता-पिता पूजन दिवस उत्सव मांगल्य मन्दिर में महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को मनाया जायेगा।
संघ अध्यक्ष रुपेश साल्वी ने बताया कि प्रतिवर्ष 14 फरवरी को मनाये जाने वाले माता पिता पूजन दिवस के उपलक्ष्य में शहर की शैक्षणिक संस्थाओं अर्पित कान्वेंट स्कूल नयागांव एवं पैराडाइज कान्वेंट स्कूल बापू आसाराम नगर में आयोजित कार्य्रकम में विधार्थियों ने अपने माता पिता का विधि विधान के साथ पूजन किया। इस आयोजन में अन्य समुदाय के अभिभावकों का उनके बच्चों ने वैदिक संस्कृति के अनुसार पूजन किया।इसी क्रम में शहर एवं ग्रामीण अंचल की शैक्षणिक संस्थाओं में भी यह अनूठे आयोजन रखे जा रहे है। नगरीय स्तर पर श्री अम्बे माता मन्दिर शास्त्री नगर उधान में समिति द्वारा आयोजित माता पिता पूजन में वार्ड पार्षद श्रीमती मनीषा चौहान मुख्य रूप से शामिल हुई। डोंगरे नगर मन्दिर में पार्षद बलराम भट्ट शामिल हुए। बिल्केश्वर महादेव मन्दिर राजबाग, रिद्धि सिद्धि एवेन्यू एवं तिरुपति अगर में भी कार्यक्रम हुए।
सम्मान और आज्ञापालन
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती मनीषा चौहान ने कहा कि माता-पिता का आदर करना, उनकी बात ध्यान से सुनना और यथासंभव उनके सुझावों का पालन करना पुत्र का प्रथम कर्तव्य है। विनम्र व्यवहार और मधुर वाणी से किया गया सम्मान उनके मन को सबसे अधिक संतोष देता है।पार्षद बलराम भट्ट ने कहा कि ईमानदारी, परिश्रम, करुणा और अनुशासन जैसे संस्कार जो माता-पिता ने दिए हैं, उन्हें जीवन में अपनाकर पुत्र न केवल उनका मान बढ़ाता है, बल्कि उनके त्याग को सार्थक भी करता है। ऐसे कार्य करना जिनसे माता-पिता का नाम सम्मान के साथ लिया जाए—यह भी उनके त्याग का ऋण चुकाने का एक महत्वपूर्ण तरीका है।
भाव विव्हल कर देने वाला प्रसंग –
इन सभी स्थानों पर छोटे बच्चो से लेकर बड़ों ने अपने अपने माता पिता का पूजन कर आशीर्वाद लिया। यंहा उस समय बड़ा ही भाव विव्हल कर देने वाला द्रश्य उपस्थित हो गया जब जब संतानें माता पिता को चंदन लगाकर, फूल अर्पित कर, आरती उतारती है, तब यह केवल एक कर्मकांड नहीं रहा..बल्कि जीवन भर के ऋण को स्वीकार करने का क्षण बन गया। माँ के त्याग, पिता के परिश्रम और उनके अनगिनत जागरण की स्मृतियाँ उस क्षण सजीव हो उठी। वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई और ऐसा लग रहा था जैसे प्रेम का अमृत बह रहा हो। पूजन और परिक्रमा के बाद माता-पिता संतान को जैसे ही गले लगाते हैं। वह आलिंगन केवल स्नेह नहीं, बल्कि आशीर्वाद, सुरक्षा और अनंत विश्वास का प्रतीक बन गया। उस क्षण शब्द छोटे पड़ जाते हैं, भावनाएं ही संवाद बन गई।आत्मीयता और वात्सल्य से परिपूर्ण इस प्रसंग ने समाज को यह सन्देश दिया कि माता पिता के चरणों में झुकना वास्तव में अपने संस्कारों और मानवता को प्रणाम करना है।
मुख्य उत्सव मांगल्य मन्दिर में –
मांगल्य मन्दिर के श्री महावीर भाई ने बताया कि जिला स्तरीय माता-पिता पूजन दिवस उत्सव मांगल्य मन्दिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को मनाया जायेगा। कार्यकम में ही पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन एवं जागरण भी रखा गया है।