सेवावीर परिवार ने मनाया स्थापना दिवस

रतलाम। महाशिवरात्रि पर्व एवं सेवावीर परिवार के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया गया। सेवावीर परिवार द्वारा इस पावन दिन को उत्सव स्वरूप मनाते हुए सामूहिक “ॐ नमः शिवाय” जाप का आयोजन बरबड़ रोड स्थित होटल बालाजी सेंट्रल में किया गया, जिसमें सैकड़ों सेवावीरों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन की विशेषता यह रही कि देश के विभिन्न पवित्र तीर्थों, नदियों, कुंडों और समुद्रों का जल श्रद्धालुओं द्वारा लाकर एकत्रित किया गया। इस पवित्र जल को एक पात्र में संजोकर समस्त भक्तों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ अभिमंत्रित किया गया। तत्पश्चात यह अभिमंत्रित जल भक्तों को वितरित किया गया तथा सभी को अभिमंत्रित रुद्राक्ष भी प्रदान किए गए।
सवा घंटे तक चले सामूहिक जाप के पश्चात श्रद्धालुओं ने देवों के देव महादेव के दिव्य विवाह और सेवावीर परिवार के स्थापना दिवस की खुशियां भक्ति भाव से नृत्य करते हुए मनाईं। समापन पर महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।
इसके पश्चात समस्त सेवावीर उकाला गणेश मंदिर पहुंचे, जहां प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को 11 दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का विधिवत आमंत्रण दिया गया। पूजा-अर्चना के बाद आमंत्रण पत्र भगवान गणेश को पढ़कर सुनाया गया और इसी के साथ सेवावीरों ने आगामी भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन का शंखनाद किया।
सेवावीर परिवार द्वारा 23 मार्च से 2 अप्रैल तक त्रिवेणी मेला ग्राउंड स्थित मानस भवन में 11 दिवसीय अखंड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 11 दिनों तक दिन-रात 24 घंटे अखंड हनुमान चालीसा का पाठ निरंतर चलता रहेगा और एक मिनट के लिए भी नहीं रुकेगा।
सेवावीर परिवार ने इस दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन में समस्त समाजों, राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों, विभिन्न एसोसिएशनों, मंदिर समितियों, रामायण एवं सुंदरकांड मंडलों, शहर एवं बाहरी गांवों के श्रद्धालुओं, व्यापारिक संगठनों, छात्र संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थाओं से इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने और सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *