- विधायक प्रतिनिधि अजय भाटी के सुझाव पर जमीन तलाशने सात सदस्यीय पार्षदों की समिति गठित
- समिति में नपाध्यक्ष समेत कांग्रेस के 4 व भाजपा के 3 पार्षद शामिल
जावरा (अभय सुराणा)। नगर पालिका परिषद का साधारण सम्मेलन गीता भवन निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि को लेकर हंगामें की भेंट चढ़ गया। इस मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के पार्षदों में जमकर नोंक झोंक हुई। मंगलवार को दोपहर करीबन एक बजे यहां नपा टाउन हॉल में आयोजित नगर पालिका के साधारण सम्मेलन में उस समय हो हल्ला शुरू हो गया। जब प्रस्तावित गीता भवन इकबालगंज मेला मैदान में बनाए जाने के विषय पर सदन में चर्चा प्रारंभ हुई। इस पर महिला पार्षद रानी पवन सोनी ने उक्त स्थान को गीता भवन की बिल्डिंग के लिए अपर्याप्त बताते हुए अपनी असहमति व्यक्त की। साथ ही उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा से इस बारे में विस्तार से जानकारी चाही तो सीएमओ ने उन्हें बताया कि इस मामले में शासन ने प्रस्ताव मांगा था, जो भेज दिया गया है। सीएमओ के जवाब से असंतुष्ट पार्षद रानी पवन सोनी सम्मेलन का बहिष्कार कर सदन से बाहर चली गई। इसके बाद नपा में विधायक प्रतिनिधि अजयसिंह भाटी ने गीता भवन निर्माण हेतु नए सिरे से जमीन तलाशने के लिए पार्षदों की सात सदस्यीय समिति गठित करने की सलाह दी। जिसे सदन में स्वीकृत कर लिया गया। अब गीता भवन कहाँ बनेगा, इसके लिए गठित समिति जगह का चयन करेगी।
इस बीच भाजपा पार्षद इरशाद बाबा की इस मुद्दे पर बनाई गई समिति के नामों की घोषणा सदन में करने की मांग ने तूल पकड़ लिया। उन्होंने खड़े होकर जोर-जोर से बोलना शुरू कर दिया और मेज को जमकर ठोकने लगे। यह देख नपाध्यक्ष अनम कड़पा, उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, चेयरमैन मुस्तकीम मंसूरी और चेयरमैन लोकेश विजवा ने एक स्वर में उनको जवाब दिया।
इस दौरान पार्षद निजाम काजी अपनी कुर्सी से उठकर इरशाद बाबा के पास पहुंचे और उन्हें शांति से अपनी बात रखने की समझाइश दी। इरशाद बाबा की बात का महिला पार्षद भावना विश्वास शर्मा ने भी समर्थन किया। इससे पहले पार्षद निजाम काजी ने खिलाड़ियों की भावनाओं के मद्देनजर खेल मैदान का मुद्दा उठाया। उन्होंने इकबालगंज मेला मैदान को व्यवस्थित करने की मांग की। पार्षद काजी ने इस मसले पर कहा कि मेला मैदान की जमीन का सीमांकन कर उसे समतल किया जाना चाहिए। इस पर जवाब देते हुए सीएमओ शर्मा व उपाध्यक्ष कोचट्टा ने बताया कि अगली बैठक में इस विषय को रखेंगे।
सम्मेलन में पार्षद शिवेन्द्र माथुर ने बस स्टैंड पर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स का मुद्दा रखा तो अजय भाटी ने अपूर्ण कार्यों की बात कही। पार्षद जानी बाई धाकड़ ने नपा की प्रोसिडिंग में हेरफेर का आरोप लगाया। पार्षद कालू कदम ने इकबालगंज मेला मैदान शादी हेतु नहीं दिए जाने पर विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट के लिए नपा के जिम्मेदारों ने मेला मैदान मुफ्त में दे दिया। उसकी रसीद काटने की बहानेबाजी करते रहे। लेकिन 3540 रुपए प्रतिदिन के मान से नपा ने टूर्नामेंट से जुड़े लोगों से वसूली नहीं की।