रतलाम 19 फरवरी। उपसंचालक उद्यान श्री मंगल सिंह डोडवे ने बताया कि उद्यानिकी विभाग अन्तर्गत एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) योजना वर्ष 2025-26 हेतु किसानों को फसलोत्तर प्रबंधन एवं परियोजना आधारित घटकों जैसे- फार्मगेट पैक हाउस, इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कलेक्शन एग्रीगेशन सेंटर, प्री-कूलिग यूनिट, कोल्ड रूम, कोल्ड स्टोरेज (5000 एम.टी.), कोल्ड स्टोरेज 3 टाईप-1 (प्याज), रेफ्रिजरेटेड ट्रांसपोर्ट व्हीकल, रायपनिंग चैम्बर तथा इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन की स्थापना के पश्चात अनुदान सहायता दी जाएगी ।
आवेदकों को एमपीएफएसटीएस पोर्टल पर डी.पी.आर., बैंक ऋण स्वीकृति पत्र, बैंक एप्रेजल रिपोर्ट, भूमि के दस्तावेज, कोल्ड स्टोरेज एवं रायपनिंग चेंबर प्रकरणों में भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र, चार्टर्ड इंजीनियर द्वारा हस्ताक्षरित बेसिक डाटाशीट, केन्द्र एवं राज्य सरकार से पूर्व में लाभ प्राप्त नहीं करने का घोषणा-पत्र, एन.सी.सी.डी. की ड्राइंग डिजाईन अनुसार का घोषणा पत्र एवं भारत सरकार द्वारा स्वीकृत मानकों और मापदण्डों अनुसार निर्माण कराने का घोषणा-पत्र सहित परियोजना प्रस्ताव/आवेदन दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
उद्यानिकी विभाग की योजनाओं में अनुदान सहायता प्राप्त करने के इच्छुक कृषक विभाग की वेबसाईट www.mpfsts.mp.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु विकास खण्ड स्तर पर कार्यालय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, शासकीय रोपणियों एवं जिला स्तर पर कार्यालय उप संचालक उद्यान जिला रतलाम कलेक्ट्रोरेट भवन रूम न. 201 में सम्पर्क कर सकते है।