कलेक्टर कार्यालय उज्जैन में रेलवे एवं राज्य प्रशासन की समन्वय बैठक सम्पन्न

रतलाम 21फरवरीI पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। सिंहस्थ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए नियमित अंतराल पर समन्वय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इसी क्रम में दिनांक 21 फरवरी 2026 को उज्जैन स्थित कलेक्टर कार्यालय में रेलवे अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जा रहे रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही उन विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिनमें रेलवे एवं स्थानीय प्रशासन के मध्य समन्वय आवश्यक है।
बैठक में कमिश्नर उज्जैन संभाग श्री आशीष सिंह, कलेक्टर उज्जैन श्री रौशन कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) एवं मेला अधिकारी (रेलवे) श्री के. एल. मीना, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) श्री महेंद्र सिंह जाटव सहित रेलवे एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। रेलवे एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त प्रयासों से सिंहस्थ 2028 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक सभी तैयारियां चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *