गोपाल जी के बड़े मंदिर में रंगारंग फाग महोत्सव, 200 महिलाओं ने भक्ति भाव से झूमकर मनाया उत्सव

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नेतृत्व में छठे वर्ष आयोजित कार्यक्रम में भजनों, गुलाल और लहरिया परिधानों से सजा फाल्गुनी माहौल

रतलाम। माणक चौक स्थित गोपाल जी के बड़े मंदिर में रविवार दोपहर 1:00 बजे से 4:00 बजे तक रंगारंग फाग महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के रतलाम जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमती सीमा आर.एस. देवड़ा के नेतृत्व में किया गया। यह महोत्सव लगातार छठे वर्ष आयोजित किया गया।
महोत्सव में गायक कलाकार पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने भक्ति रस से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, भगवान श्रीकृष्ण, माताजी एवं श्री गणपति जी के भजनों के साथ फाल्गुन माह के पारंपरिक फाग गीतों की भी सुंदर प्रस्तुति दी। “सांवरियो है सेठ, मारी राधा जी सेठानी है” जैसे भजनों पर महिलाओं ने भक्ति भाव से नृत्य कर आनंद लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने सफेद, लाल और गुलाबी लहरिया परिधान धारण कर फाल्गुनी उत्सव का उल्लास बढ़ाया। रंग, गुलाल और फूलों की वर्षा के बीच महिलाएं भक्ति भाव से झूमती नजर आईं। पूरा मंदिर परिसर फाग के रंगों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा देवड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 200 महिलाओं ने भाग लेकर भजनों और उत्सव का आनंद लिया।
महोत्सव में हेम कुंवर, अनिता सोलंकी, टीना चंद्रवाद, ऊषा पंवार, नीतु पंवार, राम कुमार काजल जीजा, किरण गोयल, अनिता जीजा, नीता जीजा, सोनी जीजा, कृष्ण जीजा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *