
बड़नगर। नगर के प्रसिद्ध साहित्यकार नीतेश जोशी के नए कविता संग्रह तुम्हारे लिए को अंतरराष्ट्रीय एमिली डिस्कन पुरस्कार प्राप्त हुआ है । बुकलिफ पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित यह कविता संग्रह जोशी की 21 प्रेम कविताओं का साझा संकलन है। जिसको अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। पूर्व में भी साहित्यकार जोशी का सम्मान कई संस्थाओं के द्वारा किया गया है । ज्ञात रहे साहित्यकार नीतेश जोशी साहित्य क्षेत्र में मध्य भारत का ऐसा सशक्त और प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्हें किसी औपचारिक परिचय की आवश्यकता नहीं है। वे एक ठेठ संस्कारित एवं साहित्यिक परिवार की पृष्ठभूमि से आते हैं, जहाँ शब्द केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि संस्कार और संवेदना का माध्यम रहे हैं। पारिवारिक वातावरण में प्राप्त साहित्यिक संस्कारों ने उनके रचनात्मक व्यक्तित्व को गहराई, संतुलन और भावनात्मक प्रामाणिकता प्रदान की है।
तुम्हारे लिए…यह कविता-संग्रह प्रेम की उन अनुभूतियों का संकलन है, जो जीवन के कठिन संघर्षों और अनकहे क्षणों के बीच सहसा प्राप्त होती हैं। यह वह कोमलता है, जो हृदय की आंतरिक गहराइयों में चुपचाप बस जाती है और समय आने पर विचार बनकर शब्दों का रूप ले लेती है। इन कविताओं में प्रेम किसी एक रूप, किसी एक संबंध या किसी एक नाम तक सीमित नहीं है। यहाँ प्रेम संवेदना है, प्रतीक्षा है, समर्पण है और कभी-कभी स्वयं से संवाद भी। यह संग्रह उन भावों की अभिव्यक्ति है, जो हर उस मन में जन्म लेते हैं, जिसने कभी किसी के लिए धड़कना सीखा हो।इस संग्रह की कविताएँ उनकी है जिसने कभी प्यार किया है। संग्रह तुम्हारे लिए…उनके लिए है, जो जीवन से भी अधिक प्रिय हैं इस संग्रह को भारत के अलावा विदेशों में भी पढ़ा जा रहा है और यह संग्रह ऑनलाइन ओर ऑफ लाइन दोनों जगह उपलब्ध है।
नितेश जोशी की इस उपलब्धि पर नगर के साहित्यकार रमेश चागेसिया, प्रमोद पंचोली, सुभाष तिवारी, नवीन त्रिवेदी मुखिया, भवानी शंकर जोशी, विजय यादव आदि ने बधाई दी।