



रतलाम। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा मंडल कार्यालय, रतलाम परिसर स्थित एनेक्सी हॉल में कर्मचारी हित निधि कमेटी के तत्वावधान में महिला स्वास्थ्य एवं वित्तीय जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला रेल कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना तथा उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक और सशक्त बनाना था।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए वित्तीय प्रबंधन और बचत की महत्ता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। डॉ. मिली शाह ने ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. अंकिता मेहता ने सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाते हुए इसके कारण, लक्षण तथा बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। डॉ. निमिषा जोशी ने “जीवन जीने की कला” विषय पर प्रेरक विचार साझा करते हुए तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, रतलाम की शाखा प्रबंधक श्रीमती आशा मीणा ने वित्तीय साक्षरता विषय पर व्याख्यान देते हुए महिलाओं को बचत, निवेश, बैंकिंग सेवाओं तथा डिजिटल लेनदेन के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका श्रीमती सीमा अग्निहोत्री ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने भी महिला रेल कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविनाश कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मियों ने भाग लिया तथा विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया।