दाहोद गुड्स शेड से पहली बार लाइमस्टोन लोडिंग, रतलाम मंडल को मिला नया माल ग्राहक

रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं के साथ-साथ माल उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दाहोद में फुल रेक हैंडलिंग की सुविधा से युक्त एक आधुनिक गुड्स शेड का निर्माण किया गया है, जिसे हाल ही में लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए प्रारंभ किया गया है।
इस नए गुड्स शेड से 18 मार्च 2026 को पहली बार लाइमस्टोन की लोडिंग की गई। यह लोडिंग बॉक्‍स एन रेक में की गई तथा कुल 4107 टन की लोडिंग हुई। यह रेक दाहोद से मध्य रेलवे बॉम्‍बे मंडल के जेएसडब्ल्यू स्टील साइडिंग के लिए रवाना की गई है। इस उपलब्धि के साथ ही रतलाम मंडल ने पहली बार लाइमस्टोन लोडिंग का रिकॉर्ड भी स्थापित किया है।
यह रेक लगभग 634 किलोमीटर की दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। इस नई लोडिंग से रेलवे को लगभग 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। साथ ही, इस पहल के माध्यम से एक नए माल ग्राहक को रेलवे से जोड़ा गया है, जो भविष्य में नियमित रूप से रेलवे सेवाओं का उपयोग करेगा।
रतलाम मंडल के वाणिज्य एवं यातायात विभाग के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि मंडल निरंतर नए ग्राहकों को रेल माध्यम से माल परिवहन हेतु आकर्षित कर रहा है। यह उपलब्धि न केवल राजस्व वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण अनुकूल एवं किफायती परिवहन को भी बढ़ावा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *