
रतलाम, 20 मार्च। सुक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप एवं हार्टफुलनेस केन्द्र रतलाम द्वारा 22 मार्च को तीर्थंकर ऋषभदेवजी द्वारा प्रवर्तित राजयोग पर आधारित ध्यान की अनुभूति का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें हार्टफुलनेस संस्था के वैश्विक मार्गदर्शक पद्म भूषण श्री कमलेश डी.पटेल ‘‘दाजी’’ का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
सुक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री एवं वर्ल्ड जैन कॉन्फेडरेशन के चैयरमेन चेतन्य काश्यप ने बताया कि रविवार को सायं 6 बजे सैलाना रोड़ स्थित श्रीजी पैलेस में पूज्य दाजी के मार्गदर्शन में ध्यान सत्र के आयोजन के साथ-साथ दाजी और श्री बी.रतिनासबापथी द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘होली तीर्थंकर्स’’ इन द लाइट ऑफ हार्टफुलनेस ‘पुण्यात्मन् तीर्थंकर और हार्टफुलनेस’ के हिन्दी संस्करण का स्थानीय विमोचन भी किया जाएगा।
पुस्तक विमोचन के साथ जिस राजयोग पर आधारित ध्यान सत्र का आयोजन किया जा रहा है, उस राजयोग की प्रथम खोज पूज्य दाजी के अनुसार तीर्थंकर श्री ऋषभदेवजी द्वारा राजा दशरथ के 72 पीढ़ी पहले की गई थी। कुछ सदियों से यह पद्धति विलुप्त हो गई थी। इसकी पुनः खोज हार्टफुलनेस संस्था के आदिगुरु श्री लालाजी साहब ने 19वीं शताब्दी के अंत में की है। इस पर आधारित सत्र में ध्यान की विशिष्ट अनुभुति होगी। सत्र में गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।