रतलाम 28 मार्च। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म. प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष सुश्री नीना आशापुरे की अध्यक्षता में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं वृहद विधिक जागरूकता शिविर लक्कड़पीठा स्थित वृद्धाश्रम, रतलाम में आज 28 मार्च को आयोजित किया गया।
इस अवसर प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा वृद्धाश्रम के आसपास का निरीक्षण किया गया। जिसमें वृद्धाश्रम के पीछे नाले में गंदगी बहुत ज्यादा पायी गई जिससे पानी रूका होने से कचरा एकत्रित हो गया है, जिसे यथाशीघ्र नगर निगम की टीम द्वारा सफाई करवाने हेतु निर्देशित किया। साथ ही वरिष्ठजन को मिलने वाली सुविधाओं जैसे- भोजन, स्वास्थ्य, मनोरंजन आदि के बारे में जानकारी ली गयी। इस अवसर पर अध्यक्ष द्वारा विशेष रूचि लेकर वृद्धजन की समस्याओं को सुना गया एवं उनके समाधान हेतु जिला प्राधिकरण की टीम को निर्देशित किया गया एवं वृद्धजन को उनके परिवारों में पुर्नस्थापित किये जाने हेतु पहल की गयी। उपस्थितजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह प्रदान की गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम द्वारा संचालित उक्त शिविर में जनरल मेडीसिन, स्त्री रोग, नेत्र रोग, नाक कान एवं गला आदि विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहे। जिनके द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, सामान्य जांच, मोतियाबिंद एवं आंखों से संबंधित सभी जांचे आदि करवाई गई। साथ ही कुछ वरिष्ठजन को डॉक्टर्स द्वारा अन्य आवश्यक परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय में बुलवाये जाने हेतु चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। जिसकी जिला प्राधिकरण, रतलाम द्वारा मॉनीटरिंग की जावेगी।
आज के कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सपना भारती कतरोलिया, न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम श्री नीरज पवैया, जिला विधिक सहायता अधिकारी, न्यायाधीश/जिला रजिस्ट्रार श्री अनुपम तिवारी, न्यायाधीश श्री अरूण सिंह ठाकुर, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी एवं जिला चिकित्सालय के डॉक्टर्स एवं नर्सिंग स्टॉफ की टीम, पैरालीगल वालेंटियर्स उपस्थित थे । इस अवसर कुल 26 वृद्धजन को आंखो के चश्मे एवं 05 वरिष्ठजन को स्टिक तथा 06 वरिष्ठजन के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पीएलव्ही द्वारा की गई।