टैक्स बढ़ोतरी और जनविरोधी प्रस्तावों के खिलाफ आक्रोश; 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय रहने के निर्देश


रतलाम 4 अप्रैल। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा कस्तूरबा नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम के प्रस्तावों, संभावित टैक्स बढ़ोतरी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रभारी एवं सरदारपुर विधायक प्रताप गेरवाल और विधानसभा प्रभारी राजा चौकसे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में वार्ड अध्यक्ष, मंडलम और सेक्टर पदाधिकारी, पार्षद दल, सेवा दल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और इंटक सहित सभी मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहर के चारों ब्लॉक अध्यक्षों ने नवगठित संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने बताया कि 6 अप्रैल को जंगी प्रदर्शन किया जाएगा जो नगर निगम सम्मेलन के पूर्व रहेगा। जिसमें कई प्रकार के टैक्स बढ़ाने सहित कई जनविरोधी प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि महंगाई, सीवरेज और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण है, जिसके विरोध में कांग्रेस जोरदार प्रदर्शन करेगी।
बैठक में नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और जनहित की अनदेखी को लेकर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निगम जनसेवा के बजाय कमाई का माध्यम बनता जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर आवाज उठाएंगे।
जिला प्रभारी प्रताप गेरवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी 2027 के निगम और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से हर वार्ड में सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करें। वहीं विधानसभा प्रभारी राजा चौकसे ने 6 अप्रैल को होने वाले जन आक्रोश प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट ने युवाओं की भागीदारी और सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनसंपर्क का यह सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए अधिक से अधिक लोगों तक मुद्दों को पहुंचाया जा सकता है।
पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कहा कि नगर निगम सामाजिक संस्था है यह कोई दुकान नहीं है जहां से व्यक्ति कमाई यहां सेवा का अर्थ है इसलिए यहां पर सभी को सेवा करनी चाहिए ना की अर्थव्यवस्था के पीछे दौड़ना चाहिए।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 6 अप्रैल को प्रस्तावित जन आक्रोश प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने शहर की जनता सेअपील कि है कि जनहित से जुड़े इस आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में आकर प्रदर्शन में भागीदारी करे।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला से किया गया। बैठक को पूर्व उपमहापौर सतीश पुरोहित, राकेश झालानी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रजनीकांत व्यास ने किया, जबकि आभार यास्मीन शेरानी ने व्यक्त किया। उक्त जानकारी रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने ने दी।