अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों से संवाद




रतलाम 4 अप्रैल। ध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में “स्कूल चले हम अभियान 2026” के अंतर्गत आज 4 अप्रैल को विभिन्न शासकीय विद्यालयों में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य निर्माण पर मार्गदर्शन दिया।
जिले के नौगवाजागीर, कन्या शाला आलोट, भड़ानकला (बाजना), जीएमएस धराड़, बालक माध्यमिक विद्यालय सरवन, सांदीपनी स्कूल आलोट, इटावाखुर्द एवं बिरमावल सहित जिले के 109 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं यूपीएससी ,एसएससी और सेना की तैयारी तथा नैतिक मूल्यों पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अभी से ही लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने, आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों, एनएमएमएस चयनित छात्रों का सम्मान किया गया।
अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसे विषय को सरल तरीके से समझाते हुए पढ़ाई को बिना तनाव के करने के टिप्स प्रदान किए गये। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि मेहनत और लगन से किसी भी विषय में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का संदेश भी दिया। स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही और शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।