रतलाम 4 अप्रैल। जिला योजना अधिकारी श्री बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि आगामी जनगणना प्रक्रिया के तहत मकान सूचीकरण चरण में नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान की गई है। स्वगणना कार्यक्रम 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा इसमें कोई भी व्यक्ति स्वयं आधिकारिक पोर्टल http://Census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
स्व गणना करने पर संबंधित व्यक्ति को एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को यह रेफरेंस नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक द्वारा इस नंबर का सत्यापन कर अंतिम रूप से जानकारी सबमिट की जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना प्रक्रिया को सरल एवं सटीक बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।